मुकेश अंबानी
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2) के मजबूत नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट (टैक्स के बाद मुनाफा) साल-दर-साल (YoY) आधार पर 14% बढ़कर 22092 करोड़ रुपए पहुंच गया. हालांकि पिछली तिमाही (QoQ) के मुकाबले थोड़ा कम रहा, लेकिन इसका कारण पिछले क्वार्टर में मिला एक एक्सेप्शनल गेन था, जिससे उस समय मुनाफा ज्यादा दिखा था.
ऑपरेशंस से रेवेन्यू यानी कुल आमदनी इस तिमाही में 2,83,548 करोड़ रुपए रही, जो पिछले साल की समान अवधि के 2,58,027 करोड़ रुपए के मुकाबले 9.9% ज्यादा है. जून 2025 की पिछली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 2,73,252 करोड़ रुपए था, यानी इस बार तिमाही-दर-तिमाही आधार पर भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी ने कहा “वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2) में रिलायंस का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा. इसमें O2C (ऑयल टू केमिकल्स), जियो और रिटेल बिजनेस का बड़ा योगदान रहा. कंपनी का कंसॉलिडेटेड EBITDA साल-दर-साल आधार पर 14.6% बढ़ा, जो हमारे चुस्त बिजनेस ऑपरेशन, घरेलू बाजार पर फोकस और भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत ग्रोथ को दर्शाता है.”
जियो प्लेटफॉर्म्स का ARPU 8% बढ़कर 211.4 रुपए हुआ
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) की आय साल-दर-साल (YoY) आधार पर 14.9% बढ़ी है. यह बढ़ोतरी मोबाइल और होम दोनों सेगमेंट में तेजी से बढ़ते सब्सक्राइबर बेस, बेहतर ARPU (प्रति यूजर औसत आमदनी) और डिजिटल सेवाओं में लगातार विस्तार की वजह से हुई है.
कंपनी का EBITDA यानी ऑपरेटिंग मुनाफा भी 17.7% बढ़ा, जिसका कारण रेवेन्यू में इजाफा और 140 बेसिस पॉइंट की मार्जिन वृद्धि रही. औसतन प्रति यूजर आमदनी (ARPU) में 8.4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अब 211.4 रुपए प्रति यूजर पहुंच गई है.
ऑयल टू केमिकल्स (O2C) बिजनेस का रेवेन्यू 3.2% बढ़ा
रिलायंस के ऑयल टू केमिकल्स (O2C) सेगमेंट का रेवेन्यू साल-दर-साल आधार पर 3.2% बढ़ा है. बिक्री के लिए तैयार उत्पादन में भी 2.3% की बढ़ोतरी देखी गई. कंपनी की जियो-bp के जरिए फ्यूल रिटेलिंग गतिविधियां भी बढ़ी हैं. जियो-bp ने HSD (डीजल) में 34% और MS (पेट्रोल) में 32% की वॉल्यूम ग्रोथ हासिल की.
O2C सेगमेंट का EBITDA यानी ऑपरेटिंग मुनाफा 20.9% बढ़ा, जिसका मुख्य कारण ट्रांसपोर्टेशन फ्यूल्स की बढ़ी हुई मांग और घरेलू बाजार में मजबूत बिक्री रहा. हालांकि, डाउनस्ट्रीम केमिकल्स में पॉलीमर सेगमेंट में अच्छा फायदा हुआ, लेकिन पॉलिएस्टर चेन में कमजोर मार्जिन से उसका कुछ असर कम हो गया, कंपनी ने बताया.
रिलायंस रिटेल का मुनाफा 6,816 करोड़ रुपए पहुंचा
रिलायंस रिटेल की तिमाही आय (Q2 FY26) साल-दर-साल आधार पर 18% बढ़कर 90,018 करोड़ रुपए हो गई है. वहीं, कंपनी का EBITDA (ऑपरेटिंग मुनाफा) भी 16.5% बढ़कर 6,816 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. इस तिमाही में कंपनी ने 412 नए स्टोर खोले, जिससे कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 19,821 हो गई है. कंपनी ने कहा कि उसका क्विक हाइपर-लोकल कॉमर्स यानी नजदीकी क्षेत्रों में तेज डिलीवरी वाला बिजनेस लगातार मजबूत रफ्तार से बढ़ रहा है.
जियो की डीप-टेक ये आई टेक्नोलॉजी क्रांति
मुकेश अंबानी ने कहा “डिजिटल सर्विस का बिजनेस लगातार बढ़ रहा है, जिसमें होम और मोबाइल दोनों सेगमेंट में सब्सक्राइबर की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है. इसका श्रेय जियो के मजबूत नेटवर्क और टेक्नोलॉजी लीडरशिप को जाता है. जियो के इनोवेटिव रेडियो सॉल्यूशंस और देशभर में फैले स्टैंडअलोन 5G नेटवर्क की वजह से अब भारत के हर कोने में घर-घर ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंच रही है. हम लगातार अपनी क्षमताओं को नई तकनीक और सिस्टम के जरिए बढ़ा रहे हैं ताकि हर भारतीय को बदलती तकनीकी दुनिया का फायदा मिल सके.”
