नई दिल्ली | राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी), नई दिल्ली द्वारा आयोजित विश्व पुस्तक मेला 2026 में ऑल वर्ल्ड गायत्री परिवार (AWGP) अपनी विशेष पुस्तक प्रदर्शनी के साथ भाग लेने जा रहा है। यह मेला 10 से 18 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित होगा। अखिल विश्व गायत्री परिवार बुक स्टॉल हॉल नंबर 2 और 3 में स्टॉल नंबर N-01 पर स्थित रहेगा। मेले में आगन्तुकों की एंट्री सुबह 10 से शाम 7 बजे तक रहेगी। वर्ष 2026 गायत्री परिवार के लिए विशेष महत्व रखता है, इस वर्ष AWGP के संस्थापक युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की साधना के 100 वर्ष, वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के अवतरण के 100 वर्ष और शांतिकुंज हरिद्वार में अखंड दीपक के निरंतर प्रज्वलन के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में AWGP इस बार विश्व पुस्तक मेले में विशेष पुस्तकों के साथ शामिल हो रहा है। बुक स्टॉल पर इस बार गायत्री परिवार द्वारा प्रकाशित 3200 से अधिक टॉपिक्स पर पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। जो 60 से अधिक विषय वर्गों – जैसे व्यक्तित्व विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पारिवारिक मूल्य, सामाजिक चेतना, भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक अध्यात्म एवं जीवन प्रबंधन – पर आधारित हैं। ये पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल 15 भाषाओं में उपलब्ध रहेंगी। शताब्दी वर्ष के अवसर पर पुस्तकों पर विशेष छूट भी उपलब्ध रहेगी।
योगेश शर्मा
व्यवस्थापक, गायत्री चेतना केन्द्र नोएडा
प्रभारी गायत्री परिवार दिल्ली एनसीआर


