अलीनगर विधानसभा सीट
अलीनगर विधानसभा चुनाव 2025 Voting Percentage Live Updates: बिहार की 121 विधानसभा सीटों के साथ दरभंगा जिले स्थित अलीनगर विधानसभा सीट पर गुरुवार को वोटिंग है. इस सीट पर लोक गायिका और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मैथिली ठाकुर को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है. जबकि राज्द ने इस सीट से बिनोद मिश्रा और जन सुराज से बिप्लव कुमार चौधरी को उतारा है. इस सीट पर कुल12 उम्मीदवार प्रतिद्वंद्विता कर रहे हैं.
भाजपा के लोकगायिका मैथिली ठाकुर को चुनाव में उतारे जाने से यह सीट हाईप्रोफाइल हो गयी है. 2008 में संसदीय और विधानसभा सीटों के परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई है.मैथिली ठाकुर के चुनावी मैदान में उतरने से चुनाव प्रचार के दौरान इस सीट को लेकर काफी चर्चा हुई. यह सीट सुर्खियों में बनी रही और अब इस सीट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.
Live Updates:
जो होगा सब के हित में होगाः मैथिली
8.03 AM: अलीनगर में लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने कहा, “मैं भगवान से यही मांगती हूं कि अगर मेरे हाथों से किसी की सेवा लिखी है तो मुझे ये अवसर मिले. उम्मीद करती हूं कि जो होगा सब के हित में होगा.”
7.46 AM: अलीनगर विधानसभा सीट पर भी वोटिंग जारी है. पहले घंटे में बड़ी संख्या में वोटर्स पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे हैं.
7.01 AM: अलीनगर सीट पर भी लोग खासे उत्साहित दिख रहे हैं.
दरभंगा लोकसभा सीट के अधीन है यह सीट
दरभंगा लोकसभा के अंतर्गत अलीनगर विधानसभा सीट आती है. इस सीट के अंतर्गत अलीनगर, तारडीह, मोतीपुर पंचायत अंतौर, मोतीपुर, अंदौली और घनश्यामपुर आदि इलाके हैं. अलीनगर विधानसभा में ब्राह्मण, यादव और मुस्लिम मतदाताओं की अहम भूमिका होती है और ये चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं.
जानें अलीनगर विधानसभा सीटों का पिछला परिणाम
2020 के विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के उम्मीदवार मिश्री लाल यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार बिनोद मिश्रा को पराजित किया था और वो इस सीट से निर्वाचित हुए थे. उन्हें 38.62% वोट शेयर के साथ कुल 61,082 मत मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार बिनोद मिश्रा को 36.66% के साथ 57,981 वोट हासिल हुए थे.
इस चुनाव में जेएपीएल के संजय कुमार सिंह 6.16% वोट शेयर के साथ 9,737 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे. इस चुनाव के दौरान 57.4 प्रतिशत मतदान हुआ था.
इससे पहले 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने इस सीट से जीत हासिल कीथी. उन्हें 67,461 मत मिले थे. भाजपा के उम्मीदवार मिश्री लाल यादव को 54,001 मत मिले थे. राष्ट्रीय जनता दल ने यह सीट 9.97% वोट मॉर्जिन के साथ जीती थी. इस चुनाव के दौरान 55.62 प्रतिशत वोटिंग हुई थी. इससे पहले भी 2010 के विधानसभा चुनाव में राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने ही जीत हासिल की थी.
ये भी पढ़ें :- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की हर छोटी-बड़ी जानकारी के लिए यहां करें क्लिक

