यदि आप मैसेजिंग और फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. मेटा के स्वामित्व वाले प्लेटफार्म ने मीडिया हब नाम से नया फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है. यह फीचर वेब और मैक वर्जन के लिए है. इस फीचर की मदद से यूजर्स अब अपनी सभी शेयर की गई मीडिया फाइलें- जैसे फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट्स और लिंक – एक ही जगह पर आसानी से देख सकेंगे. इससे हर चैट में जाकर फाइल खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी. फिलहाल यह फीचर कुछ सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिसे जल्द ही ग्लोबली रोलआउट किया जा सकता है.
सेंट्रलाइज्ड मीडिया एक्सेस का नया तरीका
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp के Mac और Web यूजर्स को अब एक नया Media Hub ऑप्शन दिख रहा है. यह फीचर सभी चैट्स में शेयर की गई हाल की फाइलें – जैसे इमेज, वीडियो, GIF, डॉक्यूमेंट और लिंक को एक जगह दिखाता है. यह साइडबार में मौजूद एक डेडिकेटेड बटन से एक्सेस किया जा सकता है, जिससे फाइल ढूंढना पहले से कहीं आसान हो गया है.
स्मार्ट सर्च और साइज-बेस्ड सॉर्टिंग की सुविधा
Media Hub में यूजर्स सर्च बार के जरिए फाइलें ढूंढ सकते हैं. इसमें नाम, कैप्शन या सेंड की गई तारीख से सर्च करने का विकल्प मिलेगा. इसके अलावा, WhatsApp ने साइज-बेस्ड सॉर्टिंग फीचर भी जोड़ा है, जिससे यूजर्स बड़ी फाइलें आसानी से पहचानकर डिलीट कर सकते हैं और अपने डिवाइस की स्टोरेज स्पेस बचा सकते हैं. यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है जो रोजाना भारी मात्रा में मीडिया शेयर करते हैं.
फाइल मैनेजमेंट हुआ आसान
रिपोर्ट के मुताबिक, नया फीचर मल्टी-सिलेक्ट ऑप्शन भी सपोर्ट करता है, जिससे यूजर्स एक साथ कई फाइलों को मैनेज या डिलीट कर सकते हैं. साथ ही, इसमें मीडिया को टाइमलाइन के हिसाब से भी सॉर्ट किया जा सकता है ताकि पुराने या हाल के फाइलों तक तुरंत पहुंचा जा सके. इससे फाइल मैनेजमेंट का पूरा प्रोसेस अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो गया है.
जल्द होगा ग्लोबल लॉन्च, साथ आएंगे और फीचर्स
WABetaInfo के मुताबिक, यह फीचर मई 2024 में डेवलपमेंट में देखा गया था और अब सीमित यूजर्स के लिए टेस्टिंग में है. उम्मीद है कि स्थिरता और यूजर फीडबैक मिलने के बाद इसे सभी प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया जाएगा. इसी बीच WhatsApp ने हाल ही में Apple Watch के लिए नया ऐप भी लॉन्च किया है, जिसमें वॉइस नोट भेजने, कॉल नोटिफिकेशन देखने और चैट हिस्ट्री एक्सेस करने जैसी सुविधाएं दी गई हैं.

