कुलियाकन (मेक्सिको), दो नवंबर (एपी) मेक्सिको में बच्चों और किशोरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल को सीमित करने के संघीय सरकार के प्रयासों के तहत मंगलवार से विद्यालयों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। पिछले एक दशक में 100 से अधिक देशों ने इस तरह के कदम उठाए हैं। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की इस पहल को विशेषज्ञों का समर्थन मिला है।
उनका मानना है कि इस कदम से बच्चों और किशोरों के तकनीक के इस्तेमाल में कमी आएगी, जिससे उनमें एकाग्रता की कमी, तनाव और चिंता जैसी समस्याएं कम करने में मदद मिलेगी। मेक्सिको के अधिकारी इस महीने ऐसे नियम लागू करने की भी तैयारी कर रहे हैं, जिनके तहत डिजिटल मंचों को नफरत फैलाने वाले भाषण, दुर्व्यवहार, यौन हिंसा, उत्पीड़न, ऑनलाइन धमकाने-परेशान करने और अन्य गैरकानूनी सामग्री वाले पोस्ट हटाने होंगे। हालांकि, मोबाइल फोन संबंधी प्रतिबंध का देश के कुछ हिस्सों में विरोध शुरू हो गया है।
कुछ अभिभावकों को डर है कि देश में जारी हिंसा के बीच वे अपने बच्चों से संपर्क नहीं कर पाएंगे। इस हिंसा से बच्चे और किशोर भी प्रभावित हो रहे हैं। मेक्सिको में बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले नागरिक संगठनों के गठबंधन ‘नेटवर्क फॉर चिल्ड्रन्स राइट्स इन मेक्सिको’ (रेडिम) के अनुसार, इस साल की पहली छमाही में 17 वर्ष की आयु तक के हर 10 बच्चों में से एक बच्चा संगठित अपराध से जुड़े अपराधों का शिकार हुआ।
सिनालोआ में ‘नेशनल यूनियन ऑफ पैरेंट्स’ के राज्य प्रतिनिधि फ्रांसिस्को ऑर्टिज ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि अभिभावक अपने बच्चों को डिजिटल माध्यम से संपर्क करने की सुविधा नहीं देने पर सहमत होंगे, खासकर तब, जब बच्चे स्कूल के बजाय घर पर इतना अधिक समय बिता रहे हैं।’’
उन्होंने सरकार पर अभिभावकों की राय की अनदेखी करने और ऐसे नियमों को मंजूरी देने का आरोप लगाया, जो ‘‘बच्चों के संबंध में निर्णय लेने के अभिभावकों के अधिकार के खिलाफ हैं।’’
शीनबाम के जारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में स्कूली समय के दौरान मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, शिक्षकों की देखरेख में पढ़ाई के लिए या व्यक्तिगत आपात स्थिति, शारीरिक अक्षमता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा। छात्र स्कूल आते-जाते समय अपने साथ मोबाइल फोन रख सकेंगे।

