हसनपुर विधानसभा रिजल्ट 2025
हसनपुर विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2025 Live Updates: हसनपुर विधानसभा सीट समस्तीपुर जिले के रोहसर उपखंड में एक महत्वपूर्ण विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र है. इस सीटसीट पर जनता दल (यूनाइटेड) के नेता राज कुमार राय और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की माला पुष्पम प्रमुख उम्मीदवार हैं. जन सुराज पार्टी (जेएसपी) ने यहां से इंदु देवी को मैदान में उतारा है. यहां से कुल 11 उम्मीदवार प्रतिद्वंद्विता कर रहे हैं. बिहार चुनाव के पहले चरण में इस सीट पर मतदान हुआ था. शुक्रवार को राज्य की 243 सीटों के साथ इस पर भी मतगणना कुछ ही देर में शुरू होगी. परिणाम के शुरुआती रुझान जल्द मिलने लगेंगे.
हसनपुर विधानसभा क्षेत्र खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. 2020 में राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे और राष्ट्रीय जनता दल के तेज प्रताप यादव ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राज कुमार राय को 21,139 मतों के अंतर से हराकर यह सीट जीती थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के बाद लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया था. उसके बाद तेजप्रताप यादव ने बगावत कर नई पार्टी बनाई और महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं.
तेजप्रताप की बगावत से RJD की प्रतिष्ठा दांव पर
जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार राजकुमार राय दो बार विधायक रह चुके हैं और पिछले चुनाव में रनर अप रहे थे. इस बार फिर से जदयू ने उन्हें उतारा है, जबकि तेज प्रताप यादव की जगह आरजेडी ने माला पुष्पम को उतारा है. माला पुष्पम के पति भी पूर्व विधायक हैं. इस वजह से कांटे की टक्कर मानी जा रही है और राजद के लिए यह सीट प्रतिष्ठा की सीट बन गई है.
हसनपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत हसनपुर और बिथान सामुदायिक विकास खंड, सिंघिया सामुदायिक विकास खंड की कुंडल, शालेपुर, जहांगीरपुर और बिष्णुपुर डीहा ग्राम पंचायतें शामिल हैं.
जानें पिछले विधानसभा चुनावों के परिणाम
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने 21,139 मतों के अंतर से यह सीट जीती थी. उन्हें 47.27% वोट शेयर के साथ 80,991 वोट मिले थे. उन्होंने जदयू उम्मीदवार राज कुमार राय को हराया, जिन्हें 59,852 वोट (34.93%) मिले थे. जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के उम्मीदवार अर्जुन प्रसाद यादव 9,882 वोट (5.77%) के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे. 2020 में, हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में डाले गए वैध मतों की कुल संख्या 1,71,378 या 58.66 प्रतिशत थी.
ये भी पढ़ेंःविधानसभा चुनाव परिणाम की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू उम्मीदवार राज कुमार राय ने 29,600 मतों के अंतर से यह सीट जीती थी. उन्हें 43% वोट शेयर के साथ 63094 वोट मिले थे. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के विनोद चौधरी को 33,494 वोट (22.83%) मिले थे और वे दूसरे स्थान पर रहे थे. जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के उम्मीदवार सुनील कुमार पुष्पम 19,756 वोट (13.46%) के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे. 2015 में, विधानसभा चुनाव में डाले गए वैध मतों की कुल संख्या 1,39,271 या 56.07 प्रतिशत थी.

