गोल्ड प्राइस टुडे
Gold-Silver Price Today: इस शुक्रवार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर के मजबूत होने के बीच, भारत के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. सोने का भाव 1,21,148 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला, जो पिछले बंद भाव 1,21,508 रुपए की तुलना में 0.29% कम है. वहीं, चांदी की कीमत भी 0.47% गिरकर ₹1,48,140 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
माना जा रहा है कि यह गिरावट फेडरल रिजर्व की भविष्य की ब्याज दरों की अनिश्चितता और डॉलर के मजबूत होने के चलते आई है. डॉलर के मजबूत होने से वैश्विक बाजार में सोना और चांदी अन्य मुद्रा धारकों के लिए महंगा हो गया, जिससे मांग पर असर पड़ा है.
भारत के प्रमुख शहरों में सोने के आज का भाव
(सोर्स – गुडरिटर्न्स)
डॉलर मजबूत, सोना-चांदी कमजोर
अमेरिकी डॉलर सूचकांक अपने तीन महीने के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया है. डॉलर की मजबूती से अन्य देशों में सोना खरीदना महंगा हो गया, जिससे सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई. हालांकि, सर्राफा लगातार तीसरे महीने बढ़त में है. इस महीने अब तक सोने की कीमतों में 3.9% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा गिरावट अल्पकालिक है और अगर केंद्रीय बैंकों की मांग बनी रही, तो आने वाले हफ्तों में सोने की कीमतें फिर से बढ़ सकती हैं.
क्यों गिर रही हैं सोना-चांदी की कीमतें?
हाल ही तक सोना और चांदी की कीमतों में तेजी त्योहारी मौसम, निवेशकों की बढ़ी हुई मांग और वैश्विक बाजार की अस्थिरता की वजह से बनी हुई थी. लेकिन अब स्थिति बदल रही है. कुल मिलाकर डॉलर की मजबूती, मंहगाई के असर और निवेशकों की बिकवाली के कारण सोना-चांदी के बाजार में हल्का दबाव महसूस किया गया.
