टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि 27 अक्टूबर को सोते समय उन्हें दौरा पड़ा, जिसके बाद उनकी जान चली गई। अनुज ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन साथ जनमों का’, ‘बिंद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे धारावाहिकों में नजर आए थे।
अनुज के दोस्त और उनके साथ कई धारावाहिकों में काम कर चुके रूपेश सोनार ने 30 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उनके निधन की खबर की पुष्टि की। रूपेश ने बताया कि परिवार से मिलने के बाद उन्हें पता चला कि अनुज को नींद में दौरा पड़ा था और इसी दौरान उनका निधन हो गया।
दोस्त रूपेश सोनार ने साझा की भावुक पोस्ट
रूपेश सोनार ने इंस्टाग्राम पर अनुज को याद करते हुए लिखा, “मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम हमारे बीच नहीं रहे। तुम सिर्फ मेरे दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसे थे। हमने साथ में कई प्रोजेक्ट करने की योजना बनाई थी। मुझे आज भी तुम्हारे शुरुआती दिनों का संघर्ष और तुम्हारा सफर याद है। जिंदगी सच में कब क्या मोड़ ले ले, कोई नहीं जानता। इतनी जल्दी तुम्हारा चले जाना दिल तोड़ देने वाला है। यह खबर अब भी सच नहीं लग रही। भाई, तुम्हें हमेशा याद किया जाएगा। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।”
रूपेश पिछले 17 साल से अनुज को जानते थे। दोनों की मुलाकात साल 2008 में धारावाहिक ‘बंधन साथ जनमों का’ के दौरान हुई थी। इसके बाद उन्होंने ‘बिंद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ समेत कई धारावाहिकों में साथ काम किया।
इसे भी पढ़ें: उन पांच कदमों में… Sonarika Bhadoria के साथ बचपन में हुई थी गंदी हरकत
10 दिन पहले ही हुई थी अनुज से मुलाकात
अनुज के निधन की खबर सुनकर रूपेश को गहरा झटका लगा। उन्होंने बताया कि घटना से महज 10 दिन पहले ही उनकी अनुज से मुलाकात हुई थी।
‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत में रूपेश ने कहा, “मुझे इस खबर पर यकीन नहीं हुआ, क्योंकि मैं उससे सिर्फ 10 दिन पहले मिला था। यह सुनकर मैं हैरान रह गया कि वह रात में सोने गया और फिर कभी नहीं उठा। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा क्या हुआ होगा। मैंने उसके भाई से बात की, लेकिन वह ज्यादा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं था।”
रूपेश ने आगे बताया कि शनिवार को वह अनुज की मां और भाई समेत परिवार के लोगों से मिलने गए थे। वहीं उन्हें पता चला कि अनुज को दौरा पड़ा था और इसी दौरान उनका निधन हो गया।
इसे भी पढ़ें: फिल्म ‘King’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज, दीपिका पादुकोण के साथ रोमांटिक अंदाज में नज़र आए शाहरुख खान
रोज सुबह 4:30 बजे उठते थे अनुज
रूपेश ने अनुज की दिनचर्या के बारे में भी बताया। उनके मुताबिक, अनुज सुबह जल्दी उठने वाले इंसान थे। वह रोज सुबह 4:30 बजे उठते थे और अपनी दिनचर्या में व्यायाम और दौड़ना शामिल रखते थे। हालांकि, घटना वाले दिन वह अपने तय समय पर नहीं उठे। सुबह 4:30 बजे उनका अलार्म बजा, लेकिन जब उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं, तब तक उनका निधन हो चुका था।

