धर्म परिवर्तन के लिए पादरी देता था पैसों का लालच
मध्य प्रदेश के मैहर में धर्मांतरण का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन करने के लिए लालच दिया जा रहा था. साथ उनका ब्रेनवॉश करने की कोशिश की जा रही थी. वहीं हिंदू सगठन के पदाधिकारियों को जानकारी होने पर, उन्होंने जमकर हंगामा किया. आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. महिलाओं ने इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.
मैहर के देवधरा तालाब कटिया के पास स्थित विवेक नगर की कुछ हिंदू महिलाओं का धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था. वहीं स्थानीय लोगों को जब मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और जमकर बवाल काटा. महिलाएं मैहर कोतवाली थाने पहुंचीं और पुलिस को एक लिखित शिकायत दी. महिलाओं ने आरोप लगाया कि कुछ क्रिश्चियन धर्म के पादरी और उनके सहयोगी कई दिनों से उन्हें आर्थिक मदद और पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहे हैं.
महिलाओं ने दर्ज कराया केस
महिलाओं ने कहा कि बार-बार धर्म परिवर्तन के लिए समझाने और लालच देने का यह सिलसिला लगातार चल रहा था. जब उन्होंने इसका विरोध किया और शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची. इस दौरान रास्ते में कुछ क्रिश्चियन महिलाओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की और इस दौरान बहस भी हुई. हालांकि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. महिलाओं ने पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनान का आरोप लगाया है.
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
वहीं धर्मांतरण के प्रयास की जानकारी मिलते ही हिंदू धर्म के कई संगठन भी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले में पांच व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की गई.
(रिपोर्ट- पुष्पेंद्र कुशवाहा/मैहर)
