न्यूयॉर्क के मेयर बने जोहरान ममदानी
Zohran Mamdani Net worth: अमेरिका के न्यूयॉर्क जैसे दुनिया के सबसे ताकतवर शहरों में से एक का मेयर बनना कोई छोटी बात नहीं है. यह बड़ा कारनामा 34 साल के भारतीय मूल के जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) ने कर दिखाया है. उनकी यह जीत कई मायनों में खास है. एक तो उनकी जड़ें सीधे तौर पर भारत से जुड़ी हैं और दूसरा, उनका सादगी भरा जीवन, जो न्यूयॉर्क की चकाचौंध से बिल्कुल अलग है. इतनी बड़ी राजनीतिक जीत के बाद भी जोहरान एक आम नागरिक की तरह सबवे में सफर करते हैं और किराए के अपार्टमेंट में रहते हैं.
ट्रंप की चुनौती के बावजूद मिली जीत
जोहरान ममदानी ने यह चुनाव तब जीता है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ममदानी जीतते हैं तो न्यूयॉर्क को मिलने वाले फंड पर असर पड़ेगा. इसके बावजूद, खुद को डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट बताने वाले जोहरान ने जीत हासिल की. जोहरान का भारत और अफ्रीका, दोनों से गहरा नाता है. उनके पिता महमूद ममदानी एक प्रोफेसर हैं, जबकि उनकी मां मीरा नायर हैं, जिन्हें ‘सलाम बॉम्बे’ और ‘मानसून वेडिंग’ जैसी विश्व प्रसिद्ध फिल्मों के निर्देशन के लिए जाना जाता है. यही वजह है कि जोहरान बहुत अच्छी हिंदी बोलते हैं. उन्होंने भारतीय मूल के मतदाताओं का दिल जीतने के लिए अपना प्रचार अभियान हिंदी भाषा में भी चलाया था.
करोड़ों की संपत्ति, ऐसे होती है कमाई
जोहरान ममदानी की कुल संपत्ति (Net Worth) को लेकर मीडिया में काफी चर्चा रहती है. फोर्ब्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 2,00,000 डॉलर (यानी लगभग 1.77 करोड़ रुपये) है. उनकी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा युगांडा से आता है, जहां उनका जन्म हुआ था. पिछले साल दिए गए अपने वित्तीय ब्योरे में, उन्होंने जिंजा (युगांडा) में चार एकड़ जमीन का जिक्र किया था. यह इलाका विक्टोरिया झील के किनारे बसा है. उन्होंने इस जमीन की कीमत 1,50,000 से 2,50,000 डॉलर के बीच बताई है. जहां तक उनकी कमाई का सवाल है, एक राज्य असेंबली सदस्य के तौर पर उनका सालाना वेतन 1,42,000 डॉलर है, जो उनकी आय का मुख्य स्रोत है.
न अपनी कार, न आलीशान बंगला, सबवे से करते हैं सफर
न्यूयॉर्क जैसे महंगे शहर में रहने के बावजूद ममदानी का रहन-सहन हैरान करने वाला सादा है. फोर्ब्स की रिपोर्ट बताती है कि उनके पास कोई आलीशान बंगला नहीं है. वह एस्टोरिया में एक ‘रेंट-स्टेबिलाइज्ड’ अपार्टमेंट में रहते हैं, जिसका मासिक किराया करीब 2,250 डॉलर (लगभग 2 लाख रुपये) है. उनके पास अपनी कार तक नहीं है. वह अपने काम पर जाने या प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए भी आम लोगों की तरह सबवे का ही इस्तेमाल करते हैं. उन्हें अक्सर अपना बैग खुद उठाए देखा जाता है. उनकी जिंदगी का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि साल 2024 में उन्हें अपने छोटे से रैप करियर से भी 1,000 डॉलर की रॉयल्टी मिली थी, उस समय वह ‘मिस्टर कार्डामाम’ के नाम से जाने जाते थे.

