फाइल फोटो
देश की मशहूर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में 2018 के बाद से छात्र संघ चुनाव नहीं कराए गए हैं. कोरोना काल के बाद से ही छात्र हर साल यूनिवर्सिटी प्रशासन से इसकी मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन छात्रों की इस मांग को सुनने को राजी नहीं है. जिसको लेकर छात्र 19 जनवरी पर धरने पर बैठ गए और 15 दिनों बाद भी ये धरना जारी है.
धरने पर बैठे छात्रों ने आरोप लगाया कि AMU में छात्रसंघ चुनाव न कराना लोकतंत्र की हत्या है. साथ ही छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द चुनाव अधिकारी के नाम का ऐलान नहीं होता, तो वह अपना आंदोलन तेज करेंगे. छात्रों का धरना पिछले 15 दिनों से जारी है और उन्हें पूर्व छात्रों और कई नेताओं का भी समर्थन मिल रहा है.
31 जनवरी को जम्मू-कश्मीर से सांसद आगा रूहुल्लाह मेहंदी छात्रों का हौसला बढ़ाने AMU आ रहे थे, जिन्हें प्रशासन ने पहले ही रोक दिया. छात्रों ने सांसद को कैंपस में न आने देने के लिए AMU के वाइस चांसलर नईमा खातून को दोषी बताया है. छात्रों ने VC नईमा खातून पर आरोप लगाया कि वह कैंपस में तानाशाही चला रही हैं. प्रशासन की सख्ती के बावजूद धरना स्थल पर छात्रों की तादाद लगातार बढ़ रही है और आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट के 1 छात्र मौन व्रत पर भी बैठ गया है.
दिसंबर में चुनाव कराने का मिला था आश्वासन
अगस्त में हुए प्रदर्शन में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से वादा किया था कि 2025 की दिसंबर में चुनाव कराए जाएंगे, लेकिन जनवरी 2026 पूरा होने के बाद भी चुनाव अधिकारी के नाम का ऐलान नहीं हुआ. जिसके बाद छात्र फिर से धरना दे रहे हैं.
बता दें कि लिंगदोह कमेटी (Lyngdoh Committee) देश भर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्टूडेंट यूनियन (Student Representative Bodies) के चुनाव कराने के निर्देश देती है. जहां JNU, DU और BHU में छात्र संघ के चुनाव लगातार हो रहे हैं, वहीं AMU को इससे दूर रखा जा रहा है.
AMU छात्र संघ से निकले देश के कई राजनेता
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी छात्र संघ ने देश को डॉ जाकिर हुसैन (राष्ट्रपति) के अलावा कई मंत्री और राजनेता दिए हैं. आज के दौर की बात करें, तो राजनीतिक जगत में आरिफ मोहम्मद खान(राज्यपाल बिहार), आज़म ख़ान(पूर्व कैबिनेट मंत्री), ख़ालिद मसूद(पूर्व राज्य मंत्री), मोहम्मद अदीब(पूर्व सांसद) और अली अशरफ़ फातिमा(पूर्व मंत्री) जैसे राजनीतिक धुरंधर भी एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष और सचिव रह चुके हैं.
…………….END……………

