महिलाओं के फोन कर लिए हैक
राजस्थान के भीलवाड़ा से ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक साथ करीब 150 महिलाओं को अपना निशाना बनाया. साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर महिलाओं के एक ग्रुप में शादी का कार्ड भेजा, जिसे खोलते ही महिलाओं के फोन हैक हो गए. इसके बाद महिलाएं अपने मोबाइल से कॉल लगाने के अलावा कुछ नहीं कर पा रही थीं. ठगों ने कई महिलाओं के फोन पे का पिन भी बदल दिया.
हालांकि, ये कार्ड ग्रुप की सभी महिलाओं ने ओपन नहीं किया था. ऐसे में महिलाओं ने बाकी महिलाओं को जानकारी दे दी और कार्ड ओपन करने से मना कर दिया. इस तरह कई महिलाओं को ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया है. भीलवाड़ा में जैन महिला मंडल नाम से महिलाओं का एक व्हाट्सएप ग्रुप बना हुआ था, जिसमें करीब 150 महिलाएं जुड़ी हुई थीं.
फाइल डाउनलोड करते ही फोन हैक हो गया
तीन दिन पहले जैन महिला मंडल ग्रुप में शादी के कार्ड की एक APK फाइल आई. इस कार्ड को ललिता खमेसरा नाम की महिला ने ग्रुप में शेयर किया. ग्रुप में शामिल महिलाओं जानकार में से किसी के शादी का कार्ड समझकर APK फाइल डाउनलोड कर ली, जैसे ही महिलाओं ने APK फाइल डाउनलोड कर ओपन की साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर लिया और कई के फोन पे का पिन भी बदल दिया.
कॉलिंग के अलावा कोई सिस्टम काम नहीं कर रहा था
मोबाइल में फाइल डाउनलोड होते ही उनके फोन हैक हो गए. फोन में कॉलिंग के अलावा कोई सिस्टम काम नहीं कर रहा था. हालांकि, ऐसा होता देख महिलाओं ने समझदारी से काम लिया और ग्रुप में एक मैसेज फॉरवर्ड किया गया कि ग्रुप में एक फर्जी कार्ड शेयर किया गया है. एक महिला ने बताया कि उन्होंने महिलाओं को कार्ड डाउनलोड न करने की सलाह दी. इससे कोई बड़ी ठगी होने से बच गई.
साइबर थाना के प्रभारी ने कहा कि किसी भी ग्रुप में शेयर किए गए शादी कार्ड की APK फाइल को डाउन न करें. अगर गलती से डाउनलोड हो गई है तो तुरंत अपने सभी पासवर्ड चेंज कर लें, नहीं तो आपका फोन हैक हो सकता है और आपका पूरा सिस्टम साइबर ठगों के पास जा सकता है.

