हमेशा रील्स, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे RAS अधिकारी पंकज ओझा की मुश्किलें अब और ज्यादा बढ़ती नजर आ रही हैं. सीनियर आईएएस अधिकारी और गोपालन विभाग में सेक्रेटरी डॉ. समित शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर फर्जी और भड़काऊ मैसेज वायरल कर विभाग और समित शर्मा की छवि खराब करने के मामले में देवस्थान विभाग के उप शासन सचिव आलोक कुमार शर्मा द्वारा जयपुर के अशोक नगर थाने में FIR दर्ज करवाई गई थी, लेकिन अब पंकज ओझा के भ्रष्टाचार के खिलाफ IPS पंकज चौधरी ने भी मोर्चा खोल दिया है. इस संबंध में IPS पंकज चौधरी ने गोपालन विभाग के सेक्रेटरी डॉ. समित शर्मा को एक शिकायती पत्र भी लिखा है.
पंकज ओझा पर भ्रष्टाचार के आरोप
IPS पंकज चौधरी ने पंकज ओझा के खिलाफ लिखे शिकायती पत्र में पिछली पोस्टिंग के दौरान किए गए भ्रष्टाचारों का उल्लेख किया है. पंकज चौधरी ने अपने शिकायती पत्र में लिखा है कि आरएएस एसोसिएशन के प्रवक्ता के तौर पर पंकज ओझा का संदिग्ध आचरण, भ्रष्टाचार में लिप्त होना और अवांछनीय कृत्य करना दुर्भाग्यपूर्ण है. पत्र में आईपीएस पंकज चौधरी ने लिखा है कि सूत्रों से जानकारी मिली है कि गोपालन विभाग में डायरेक्टर के पदस्थापन के दौरान भी पंकज ओझा द्वारा कई आपत्तिजनक कार्य संपादित किए जा रहे हैं.
ACB में कई मामले विचाराधीन होने के बावजूद भी पंकज ओझा द्वारा की जाने वाली गतिविधियां आपत्तिजनक हैं. जिस पर अविलंब संज्ञान लिया जाना जनहित में है. IPS पंकज चौधरी ने पत्र में यह भी लिखा कि मुख्य सचिव को पूर्व में लिखे पत्र में पंकज ओझा के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए अवगत करवाया जा चुका है. जिस पर जांच DOPT स्तर पर विचारधीन और प्रक्रिया में है.
पंकज ओझा का विवादों से है पुराना नाता
खाद्य विभाग में तैनाती के दौरान आरएएस अधिकारी पंकज ओझा पर मिलावट माफियाओं से सांठगांठ का ऑडियो वायरल होने के बाद पैसे लेकर कार्रवाई करने का मामला काफी गरमाया था. मामला गर्माने के बाद पंकज ओझा ने रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भी एक भी कार्रवाई नहीं की. ओझा ने खाद्य विभाग में तैनाती के दौरान आखिरी 6 महीने तक मिलावटखोरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे खाद्य विभाग में पंकज ओझा की कार्यशैली पर सवाल उठे थे.
IPS पंकज चौधरी ने मुख्य सचिव से की थी शिकायत
वहीं ACB में भी पंकज ओझा के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था. इसके बाद भी पंकज ओझा पर कार्रवाई नहीं होने पर आईपीएस पंकज चौधरी ने मुख्य सचिव सुधांश पंत को शिकायत पत्र भी लिखा था. पंकज चौधरी के पत्र पर मुख्य सचिव ने रिकॉर्ड तलब भी करवाया था, लेकिन पंकज ओझा के ऊंचे पॉलिटिकल कनेक्शन के चलते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी. इसी का नतीजा है कि पंकज ओझा की मनमानी बदस्तूर जारी है.

