डिकॉक ने 1413 दिन बाद खास शतक लगाया, जिससे उन्होंने रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.Image Credit source: PTI
साउथ अफ्रीका के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने संन्यास से वापसी के बाद अपनी बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए एक शानदार शतक जमा दिया. विशाखापट्टनम में भारत-साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में डिकॉक ने सिर्फ 80 गेंदों में शतक जमा दिया. पहले बैटिंग कर रही साउथ अफ्रीका ने पहले ही ओवर में विकेट गंवा दिया था लेकिन क्विंटन डिकॉक ने इसके बावजूद ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए वनडे क्रिकेट में अपना 23वां शतक जमा दिया. इसके साथ ही उन्होंने सौरव गांगुली समेत 3 दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया.
करीब 2 साल तक वनडे क्रिकेट से रिटायर रहने वाले क्विंटन डिकॉक ने नवंबर में ही संन्यास से वापसी की थी और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 3 मैच में शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे. हालांकि, भारत के खिलाफ सीरीज के शुरुआती दोनों मैच में उनका बल्ला कुछ खास नहीं चल पाया था और वो 8 रन ही बना सके थे. मगर जब सीरीज बराबरी पर थी और आखिरी मैच आया तो डिकॉक ने अपना पुराना अंदाज दिखाते हुए भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.
मैच की पांचवीं ही गेंद पर रायन रिकलटन का विकेट गिर गया था, जबकि शुरुआती 3-4 ओवर में साउथ अफ्रीकी टीम को ज्यादा रन भी नहीं मिले. मगर एक बार बाएं हाथ के बल्लेबाज डिकॉक ने बाउंड्री लगाने की शुरुआत की तो फिर उनको रोकना मुश्किल हो गया. इस धाकड़ बल्लेबाज ने सिर्फ 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद तो वो ज्यादा आक्रामक हो गए. अगले 50 रन बनाने के लिए उन्होंने सिर्फ 38 गेंदें खर्ची और 30वें ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर छक्का जमाकर अपना 23वां वनडे शतक पूरा किया.
इसके साथ ही डिकॉक ने 1413 दिन के लंबे अंतराल के बाद भारत के खिलाफ वनडे शतक जमाया. उनका पिछला शतक 23 जनवरी 2022 को आया था. भारत के खिलाफ डिकॉक का ये 7वां शतक है और इस तरह उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा 6 शतक का रिकॉर्ड डिविलियर्स और डिकॉक के ही नाम था. मगर अब डिकॉक इसमें सबसे आगे निकल गए हैं. वहीं उन्होंने भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक के श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.
(खबर अपडेट हो रही है)

