पीएम मोदी से हुई प्रियंका गांधी की मुलाकात
संसद का शीतकालीन सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो गया है. सत्र के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रियंका गांधी के बीच संसद भवन में ही मुलाकात हुई. इस दौरान प्रियंका गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड को लेकर चर्चा हुई. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसद के शीतकालीन सत्र के खत्म होने पर संसद भवन में अपने चेंबर में पार्टियों के नेताओं और लोकसभा सांसदों के साथ मीटिंग की थी. इसी दौरान सभी नेता वहां पहुंचे थे.
शुक्रवार को संसद के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू की गई. हालांकि वंदे मातरम के तुरंत बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया. इस दौरान अध्यक्ष बिरला ने कहा कि सत्र के दौरान सदन की उत्पादकता 111 प्रतिशत रही है.
संसद में गुरुवार रात 12.30 बजे राज्यसभा से VB-G RAM G बिल पास हो गया था. बिल का विरोध करते हुए तमाम विपक्षी सांसदों ने बहस के दौरान जमकर हंगामा किया. इसके साथ ही बिल के पास होने से पहले ही सांसद राज्यसभा से वॉकआउट कर गए और धरने पर बैठ गए.
कल नितिन गडकरी से मिली थीं प्रियंका
संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है. गुरुवार को संसद की कार्यवाही के दौरान ही प्रियंका ने नितिन गडकरी से मुलाकात का समय मांगा था, जिसके कुछ देर बाद ही दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई थी. इस दौरान प्रियंका ने अपने क्षेत्र वायनाड की कई समस्याओं के बारे में नितिन गडकरी से बात की थी.
‘जी-राम-जी’ बिल पर जमकर हुआ विरोध
संसद में बीते दिन पहले लोकसभा में ‘जी-राम-जी’ बिल पास हुआ था. इसके बाद रात में राज्यसभा में यह बिल पास हो गया है. हालांकि विपक्ष की तरफ से इस बिल को लेकर जमकर हंगामा किया जा रहा है. आरोप लगाया जा रहा है कि इस योजना को बंद करने से गरीबों का नुकसान होगा. बिल को लेकर विपक्ष मांग कर रहा था कि इसे सिलेक्ट कमेटी के पास भेजा जाए.
बिल के विरोध में तृणमूल (TMC) सांसद, संसद के मकर द्वार पर रातभर से धरने पर बैठे रहे. धरना देने वाले सांसदों का कहना था कि इस बिल के जरिए महात्मा गांधी का अपमान किया जा रहा है.

