ब्लेयर टिकनर ने लिए 4 विकेट (Photo: Phil Walter/Getty Images)
New Zealand vs England, 2nd ODI: इंग्लैंड की टीम का प्रदर्शन हैमिल्टन में खेले दूसरे वनडे में और भी बुरा रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में इंग्लैंड को 200 रन से ज्यादा स्कोर करने के बावजूद हार मिली थी, लेकिन, हैमिल्टन में खेले दूसरे वनडे में उनसे 200 रन भी नहीं बने. इंग्लैंड की पूरी टीम 36 ओवर में 175 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. यानी उनसे 50 ओवर भी नहीं खेले गए. दूसरे वनडे में इंग्लैंड की इतनी बुरी हालत के जिम्मेदार ब्लेयर टिकनर रहे, जिन्होंने 2 साल के बाद न्यूजीलैंड टीम में वापसी की है. ब्लेयर टिकनर को घरेलू परेशानियों के चलते क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था.
न्यूजीलैंड का फैसला सही साबित हुआ
दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी पर उतारा. कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर का ये फैसला रंग लाया. सिर्फ 3 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा. और फिर 30 रन के अंदर दूसरा. 50 रन का आंकड़ा स्कोर बोर्ड ने अभी पार ही किया था कि इंग्लैंड का तीसरा विकेट भी गिर गया. ये तीनों विकेट उसके टॉप ऑर्डर के रहे, जिसमें बेन डकेट, जेमी स्मिथ और जो रूट के नाम रहे.
