पीड़ित परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तीन मासूम बच्चों की मां ने पति से हुई कहासुनी के बाद जहरीला पदार्थ पी लिया. घटना के बाद गांव में हड़कंप में हड़कंप मच गया. महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पन्ना जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली राखी रैकवार (24) और उनके पति लल्लू रैकवार के बीच बच्चों को घर में अकेला छोड़कर खेत में चने का साग काटने जाने को लेकर विवाद हुआ. विवाद देखते ही देखते इतना ज्यादा बढ़ गया कि राखी ने जहरीली पदार्थ पी लिया. इस बात की जानकारी होते ही परिवार के लोग काफी डर गए. वह उसे गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया.
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
महिला ने जिला अस्पताल में इलाज चलने के दौरान दम तोड़ दिया. 6 साल की रक्षा, 4 साल की काव्या और 2 साल के कृष्णा के ऊपर से मां को साया उठ गया है. मां की मौत के बाद से ही बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी देते हुए पति लल्लू रैकवार ने बताया कि मामूली बहस के बाद जब वह काम पर गए, तो बड़ी बेटी ने उन्हें फोन कर मां के जहर खाने की सूचना दी थी. हम उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घर में छाया मातमी सन्नाटा
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से ही मृतका के घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
(रिपोर्ट- राकेश पाठक/ पन्ना)

