इंडिगो संकट के दौर से उबरी.
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो संकट के दौर से उबरती दिख रही है. कंपनी ने रविवार को एक नई जानकारी साझा की है. जिसमें यात्रियों को राहत देने का दावा किया गया है. बताया गया है कि उसके 138 में से 137 डेस्टिनेशन पर उड़ान संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है. इंडिगो रविवार से 1650 से अधिक उड़ानें संचालित करने की तैयारी में है, जबकि शनिवार को 1500 उड़ानें चलाई गई थीं.
बताया जा रहा है कि इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) भी तेजी से पटरी पर लौट रहा है. पिछले दिनों एयरलाइन की उड़ानों में बहुत बड़ी गिरावट देखने को मिली थी. इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) 30% दर्ज किया गया था, जो अब बढ़कर 75% के करीब पहुंच चुका है. इंडिगो कंपनी का कहना है कि यात्रियों की आसानी और सुरक्षित यात्रा देने के लिए सभी प्रबंध युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं. कंपनी का दावा है कि जल्द ही हालात पहले की तरह सामान्य हो जाएंगे.

बुकिंग्स कैंसिल या री-शेड्यूल करने पर नहीं लगेगा चार्ज
इंडिगो एयरलाइन ने इसके अलावा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है. 15 दिसंबर तक सभी बुकिंग्स कैंसिल या री-शेड्यूल करना पूरी तरह फ्री रहेगा. इस पर किसी भी तरह चार्ज नहीं लिया जाएगा. इंडिगो एयरलाइन का दावा है कि रिफंड और बैगेज से जुड़े सभी मामलों को भी तेजी से निपटाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो. इंडिगो का कहना है कि यात्रियों को अब किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
इंडिगो ने यात्रियों को दिलाया भरोसा
इंडिगो एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि हालिया संकट से मिली सीख के आधार पर सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. यात्रियों की अब तक हुई परेशानी को लेकर इंडिगो प्रबंधन खुद भी खासा परेशान रहा है. साथ ही कर्मचारी भी इस दौरान बड़े संकट से गुजरे हैं. इंडिगो अब उड़ान व्यवस्था को पहले से ज्यादा बेहतर करने में जुटा है. इंडिगो ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि भविष्य में उन्हें ऐसे संकट से नहीं गुजरना पड़ेगा.

