जेमिमा रॉड्रिग्ज बुखार के कारण नहीं खेल पाई चौथा मैचImage Credit source: PTI
पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम ने अपनी खिताबी जीत के बाद मैदान पर जोरदार वापसी की है. श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में लगातार तीन मैच जीतकर टीम इंडिया ने अपना दबदबा बनाए रखा. हालांकि, इस सफलता में अहम भूमिका निभाने वाली स्टार बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्ज अचानक बीमार पड़ गईं. इसके चलते सीरीज के चौथे मैच से उन्होंने बाहर करना पड़ा और उनकी जगह हरलीन देओल को चुना गया.
तिरुवनंतपुरम में रविवार 28 दिसंबर को भारत और श्रीलंका चौथे टी20 में आमने-सामने थे. इस मैच में टॉस तो श्रीलंका ने जीता लेकिन बड़ी खबर आई जब भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्लेइंग-11 में बदलाव का खुलासा किया. हरमनप्रीत ने बताया कि अचानक बीमार होने के कारण दाएं हाथ की बल्लेबाज जेमिमा को इस मैच में शामिल नहीं किया जा सका.
वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में जेमिमा की स्थिति को लेकर अपडेट दिया. BCCI की पोस्ट के मुताबिक, “हल्के बुखार के कारण आई कमजोरी के चलते जेमिमा रॉड्रिग्ज तिरुवनंतपुरम में चौथे टी20 मैच में सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थीं. BCCI की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर करीबी नजर बनाए हुए है.”
जेमिमा के लिए ये सीरीज अभी तक ठीक-ठाक रही थी. टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाने वाली जेमिमा ने ये सीरीज जिताने में भी अपना योगदान दिया था. उन्होंने पहले ही मैच में नाबाद 69 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया. वहीं दूसरे मैच में भी 26 रन की छोटी लेकिन काफी तेज पारी खेली थी. सीरीज के 3 मुकाबलों में वो 52 की औसत से 104 रन बना चुकी थीं.
हालांकि जेमिमा के बाहर होने का फायदा हरलीन देओल को मिला, जो शुरुआती तीनों मैच में प्लेइंग 11 से बाहर थीं. हरलीन पूरे 2 महीने से भी ज्यादा वक्त के बाद टीम इंडिया के लिए कोई मैच खेल रही हैं. उन्होंने पिछला मैच बांग्लादेश के खिलाफ 26 अक्टूबर को वर्ल्ड कप में खेला था लेकिन उसमें भी उनकी बैटिंग नहीं आई थी. वहीं जेमिमा के अलावा भी टीम इंडिया ने एक बदलाव किया. युवा पेसर क्रांति गौड को आराम देकर सीनियर पेसर अरुणधति रेड्डी को टीम में चुना गया.

