भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. (Photo-PTI)
India vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 14 नवंबर से 2 टेस्ट मैचों की सीरीज शुरुआत होने जा रही है. पहला टेस्ट मैच कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 22 नवंबर से गुवाहाटी में होगी. इस मैच में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इस टेस्ट मैच में लंच से पहले टी ब्रेक होगा. भारत में टेस्ट क्रिकेट में पहली बार ऐसा होने जा रहा है. इसकी एक बड़ी वजह सामने आई है.
दूसरे टेस्ट मैच में होगा अनोखा आयोजन
टॉस, लंच, टी, स्टंप्स (दिन का खेल समाप्त)… टेस्ट मैचों में यही क्रम आम है, लेकिन 22 नवंबर से गुवाहाटी में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में ये क्रम बदलने वाला है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट्स के मुताबिक पहली बार खिलाड़ियों को लंच से पहले टी ब्रेक मिलेगा. ऐसा देश के पूर्वी हिस्से में सूर्योदय और सूर्यास्त जल्दी होने के कारण हो रहा है. गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में टेस्ट का पहला सेशन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगा. उसके बाद 11 बजे से 11:20 बजे तक टी सेशन होगा.
दूसरा सेशन सुबह 11:20 बजे से दोपहर 1:20 बजे तक खेला जाएगा. लंच ब्रेक दोपहर 1:20 बजे से 2 बजे तक होगा, जबकि खेल का तीसरा सेशन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक खेला जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधिकारी ने बताया, “टी जल्दी कराने का कारण ये है कि गुवाहाटी में सूर्यास्त जल्दी हो जाता है और खेल भी जल्दी शुरू होता है. ये पहली बार होगा जब हमने टी सेशन में बदलाव करने का फैसला किया है ताकि मैदान पर अतिरिक्त खेल समय मिल सके”. इस तरह दूसरे टेस्ट मैच में दिन का खेल सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम 4 बजे तक चलता रहेगा.
रणजी ट्रॉफी में हो चुका है ऐसा बदलाव
वैसे भी भारत में टेस्ट मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होते हैं. 40 मिनट का लंच ब्रेक (दोपहर 11:30 से 12:10 बजे तक) होता है. इसके बाद दूसरा सेशन फिर से शुरू होता है. दोनों टीमें 20 मिनट का टी ब्रेक (दोपहर 2:10 से 2:30 बजे तक) लेती हैं. इसके बाद दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक तीसरा सेशन होता है. मैच अधिकारी टीम को प्रतिदिन 90 ओवर पूरे करने के लिए आधे घंटे का अतिरिक्त समय दे सकते हैं. इससे पहले BCCI ने रणजी ट्रॉफी मैचों में सूर्यास्त की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपने सेशन के समय में बदलाव किया है.
