दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के नतीजे
देश की राजधानी दिल्ली में 30 नवंबर को दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों के लिए उपचुनाव कराया गया था. कुल मिलाकर इस चुनाव में मतदान प्रतिशत बहुत ही कम रहा था. हालांकि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा, किसी भी इलाके से किसी तरह के हंगामे या फिर झड़प की कोई खबर सामने नहीं आई. 30 नवंबर को हुए मतदान के नतीजे आज (3 दिसंबर) को आने वाले हैं. इन नतीजों पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी सभी की नजर टिकी हुई है. वोटों की गिनती जारी है.
चुनाव नतीजों के लिए चुनाव आयोग की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गई है. रविवार को दिल्ली एमसीडी के 12 वार्डों पर सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक वोटिंग हुई. कुल मिलाकर इस चुनाव में 51 उम्मीदवार मैदान में हैं. इस बार उपचुनाव में 38.51 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, 143 मतदान केंद्रों के 580 बूथों पर मतदान कराया गया था. कई सीटों पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी में सीधी टक्कर रहने वाली है. यही वजह है कि नतीजों पर हर किसी की नजर टिकी हुई है. वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है. किसी भी वक्त पहले रुझान सामने आ सकते हैं.
इन सीटों के आएंगे नतीजे
वोटों की गिनती में इस बार उपचुनाव का रिजल्ट ग्रेटर कैलाश, चांदनी चौक, शालीमार बाग बी, अशोक विहार, संगम विहार ए, चांदनी महल, डिचाओं कलां, नारैना, दक्षिण पुरी, मुंडका, विनोद नगर और द्वारका बी सीट के लिए आने वाले हैं. दिल्ली की सभी 12 सीटों पर कुल 51 उम्मीदवार मैदान में थे, इसके अलावा इनमें 26 महिलाएं भी थीं.
आज आने वाले नतीजे से यह भी तय हो जाएगा कि एमसीडी सदन में भाजपा और मजबूत होगी या विपक्षी आम आदमी पार्टी अपना प्रभाव बढ़ाने में सफल रहेगी.
सीएम रेखा गुप्ता की पहली परीक्षा
दिल्ली नगर निगम में जब साल 2022 में चुनाव हुए थे. उस समय बीजेपी ने 115 सीटों पर जीत दर्ज की थी. यही वजह है कि इस उपचुनाव में बीजेपी 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट चाहती है, ऐसा होने से सदन में बीजेपी को पूर्ण बहुमत हासिल हो जाएगा. ये चुनाव सीएम रेखा गुप्ता की पहली परीक्षा भी माना जा रहा है. ऐसे में देखना होगा कि रेखा दिल्ली की परीक्षा को पास करती हैं या नहीं.

