बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 71वीं प्रारंभिक परीक्षा की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है. आयोग ने पांच प्रश्न हटाए हैं, जो मूल्यांकन में शामिल नहीं होंगे. अभ्यर्थी 31 अक्टूबर से 8 नवंबर तक अपनी ओएमआर शीट डाउनलोड कर सकते हैं.
बीपीएससी 71वीं प्रीलिम्स परीक्षा फाइनल आंसर-कीImage Credit source: freepik
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 71वीं प्रारंभिक परीक्षा की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है. परीक्षार्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर फाइनल आंसर-की देख और डाउनलोड कर सकते हैं. आयोग ने इस बार फाइनल आंसर-की से पांच प्रश्नों को हटा दिया है. इन प्रश्नों को मूल्यांकन में शामिल नहीं किया जाएगा. विशेषज्ञों के अनुसार, इससे कटऑफ पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा क्योंकि हटाए गए प्रश्नों के अंक सभी उम्मीदवारों को समान रूप से दिए जाएंगे.
ओएमआर शीट डाउनलोड और आपत्ति प्रक्रिया
फाइनल आंसर-की के साथ ही बीपीएससी ने अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट भी जारी की है. परीक्षार्थी 31 अक्टूबर 2025 से 8 नवंबर 2025 तक अपने डैशबोर्ड में लॉगिन करके इसे डाउनलोड कर सकते हैं. यदि किसी अभ्यर्थी को अपनी ओएमआर शीट में त्रुटि लगती है, तो वो 8 नवंबर तक examcontrollerbpsc@gov.in पर ईमेल के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
कब हुई थी परीक्षा और कितने पदों पर होगी भर्ती?
बीपीएससी की यह प्रारंभिक परीक्षा 13 सितंबर 2025 को दोपहर 12 से 2 बजे तक 37 जिलों के 912 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इस परीक्षा के लिए कुल 4.39 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. परीक्षा के माध्यम से 1298 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें वरीय उप समाहर्ता, वित्तीय प्रशासनिक अधिकारी, श्रम अधीक्षक, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक जैसे पद शामिल हैं.
अब जल्द जारी होगा रिजल्ट
फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद अब बीपीएससी जल्द ही 71वीं प्रीलिम्स परीक्षा का परिणाम घोषित कर सकता है. उम्मीदवार अपने रोल नंबर के माध्यम से वेबसाइट पर रिजल्ट देख पाएंगे. इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के चरणों से गुजरना होगा, जिसके बाद ही अंतिम चयन किया जाएगा.
इस लिंक पर क्लिक करके अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा की फाइनल आंसर-की चेक कर सकते हैं.
यह खबर भी पढें-Mumbai hostage Case: कौन हैं API अमोल वाघमारे? जिन्होंने पवई में रोहित आर्य का एनकाउंटर किया
