महायुति के नेता
मुंबई नगर निगम चुनावों को लेकर एक बड़ी खबर आई है. महायुति गठबंधन में सीटों के बंटवारे का मुद्दा सुलझ गया है. अब बीजेपी और शिवसेना कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, इसका फार्मूला भी सामने आ गया है. शिवसेना मुंबई की 227 सीटों में से 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बीजेपी 137 सीटों पर मैदान में उतरेगी. मंगलवार नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है, इसलिए महायुति गठबंधन के सभी उम्मीदवार कल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. हालांकि, सीटों की इस डील में अजित पवार की एनसीपी शामिल नहीं है.
पिछले कुछ दिनों से दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी. कई बैठकों के बाद अब अंतिम सीट बंटवारे की घोषणा हो चुकी है. सीट बंटवारे में बीजेपी एक बार फिर से बड़े भाई की भूमिका में है. शिवसेना की तुलना में बीजेपी को ज्यादा सीटें मिली हैं. इससे लगता है कि मुंबई के मेयर पद पर शिवसेना की पकड़ थोड़ी कमजोर हो गई है. यह भी खबर है कि दोनों पार्टियां अपने-अपने कोटे से सहयोगी दलों को सीटें देंगी.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए सोमवार को 27 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि से एक दिन पहले कुल उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है.
दरअसल, बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की सहयोगी होने के बावजूद अजित पवार की एनसीपी BMC चुनाव अलग लड़ रही है, जबकि भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने गठबंधन किया है. महाराष्ट्र में 227 सदस्यीय बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होना हैं और वोटों की गिनती उसके अगले दिन होगी.
खबर अपडेट हो रही है…

