Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025 Voting, Phase 1 LIVE Updates in Hindi: बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए आज वोटिंग है. इस चरण में 121 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा. बिहार चुनाव का दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जिसमें शेष 122 सीटों पर मतदान होगा. नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार 4 नवंबर को समाप्त हो गया था. इस बार बिहारचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है.
एनडीए में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एचएएम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) शामिल हैं. महागठबंधन गठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और वामपंथी दल – सीपीआई, सीपीआई-एमएल और सीपीआई (एम) शामिल हैं.
एनडीए को विपक्षी महागठबंधन से चुनौती मिल रही है. एनडीए ने अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है, जबकि महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं. सत्तारूढ़ एनडीए राज्य में नीतीश कुमार के 20 साल के शासन और केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 11 साल के शासन के दम पर फिर से चुनाव जीतने की कोशिश कर रहा है. विपक्षी महागठबंधन सत्ता विरोधी लहर, कुशासन और रोज़गार के वादों के दम पर वोट मांग रहा है. वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज और एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेता भी चुनावी मैदान में हैं.

