बिहार बोर्ड परीक्षा 2026 का टाइम टेबल जारीImage Credit source: Getty Images
बिहार बोर्ड से पढ़ाई कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं का आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. इस घोषणा के साथ ही छात्रों की तैयारी को एक स्पष्ट दिशा मिल गई है. बोर्ड ने न केवल परीक्षा की तारीखें तय की हैं, बल्कि इस बार परीक्षा से जुड़ी जानकारी को और आसान बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया गया है. छात्र अब अपनी परीक्षा से जुड़ी कई जानकारियां एआई चैटबॉट के जरिए भी प्राप्त कर सकेंगे.
2 फरवरी से शुरू होंगी 12वीं की परीक्षाएं
बिहार बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, इंटरमीडिएट यानी 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से शुरू होंगी और 13 फरवरी 2026 तक चलेंगी. इस दौरान विज्ञान, कॉमर्स और कला तीनों संकायों की परीक्षाएं निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जाएंगी. बोर्ड ने सभी विषयों की तारीखें पहले से तय कर दी हैं ताकि छात्र समय रहते अपनी तैयारी पूरी कर सकें. 12 दिनों तक चलने वाली इन परीक्षाओं में लाखों विद्यार्थी शामिल होंगे. बोर्ड का उद्देश्य है कि परीक्षा समय पर और सुचारु रूप से पूरी कराई जाए ताकि रिजल्ट भी तय समय पर घोषित किए जा सकें.
17 फरवरी से 10वीं की परीक्षा, एआई से मिलेगी जानकारी
इंटर परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद मैट्रिक यानी 10वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी. 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 25 फरवरी 2026 तक चलेगी. बोर्ड ने इस बार परीक्षा व्यवस्था को और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पहली बार छात्रों को परीक्षा से जुड़ी जानकारी एआई आधारित चैटबॉट के माध्यम से भी दी जाएगी. इसके जरिये विद्यार्थी अपना रोल नंबर, परीक्षा केंद्र, तारीख और अन्य जरूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे.
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करते हुए बताया कि जिन छात्रों का मुख्य परीक्षा में रिजल्ट संतोषजनक नहीं रहेगा या जो किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए कंपार्टमेंटल और विशेष परीक्षाएं अप्रैल से मई के बीच आयोजित की जाएंगी. वहीं, वर्ष 2026 की परीक्षाओं का परिणाम मई से जून के बीच घोषित करने की योजना है. बोर्ड की इस समयबद्ध योजना से छात्रों को आगे की पढ़ाई और करियर की तैयारी में काफी सहूलियत मिलेगी.
कैसे डाउनलोड करें?
- छात्र सबसे पहले बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर BSEB 10वीं/12वीं डेट शीट 2026 के लिंक पर क्लिक करें.
- अब परीक्षा टाइम टेबल का PDF स्क्रीन पर खुल जाएगा.
- PDF को डाउनलोड करें और भविष्य के लिए इसकी प्रिंट कॉपी सुरक्षित रख लें.
ये भी पढ़ें इंडियन ऑयल में निकली 2756 पदों पर नौकरियां, इस डेट तक करें अप्लाई

