मिचेल मार्श टी20 वर्ल्ड कप में होंगे कप्तान (Photo: PTI)
Australia Team for T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया ने भी भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जाने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. टीम में कप्तान मिचेल मार्श समेत 15 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. लेकिन, हैरान करने वाली बात ये है कि ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स ने उसी खिलाड़ी को टीम में नहीं चुना, जिसका साल 2025 में बहुत नाम हुआ. ऑस्ट्रेलियाई टीम के ऐलान के बाद चौंकने वाली बात सिर्फ यही नहीं रही बल्कि उस खिलाड़ी का सेलेक्शन भी रहा, जो पिछले 12 T20 इंटरनेशनल से बाहर चल रहा था. T20 वर्ल्ड कप 2026 चूंकि भारत और श्रीलंका में होना है, इसलिए ऑस्ट्रेलिया ने स्पिन को तव्वजो दी है.
मिचेल ओवन का नाम हुआ मगर T20 टीम से बाहर
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम के सेलेक्शन में जिन 2 बातों ने हैरान किया, वो रहा मिचेल ओवन का बाहर होना और कूपर कोनोली को टीम में जगह मिलना. पिछले साल मिचेल ओवन तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने BBL में होबार्ट हरिकेन के लिए सिडनी थंडर के खिलाफ तूफानी शतक जड़ा था. उन्होंने 11 छक्कों के साथ 42 गेंदों पर ही 108 रन जमाए थे. इसके बाद मिचेल ओवन बीच PSL से IPL में खेलने के लिए बुलाए जाने पर चर्चा में आए. प्रीति जिंटा की टीम ने उन्हें 3 करोड़ में खुद से जो़ड़ा था. पिछले साल ही जुलाई में अपने इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर भी ये ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर सुर्खियों में बना रहा.

