अभिषेक शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में जमाया पहला अर्धशतकImage Credit source: PTI
IND vs AUS 2nd T20I: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में फेल होने वाले युवा भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने दूसरे मैच में तूफानी बैटिंग करते हुए अर्धशतक जमा दिया. मेलबर्न में टी20 सीरीज के दूसरे मैच में अभिषेक ने सिर्फ 23 गेंदों में अपना छठा अर्धशतक जमा दिया. अभिषेक की ये पारी इसलिए खास थी क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड ने टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया था. भारतीय टीम ने सिर्फ 49 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे और इसके बावजूद अभिषेक ने विस्फोटक बैटिंग करते हुए ये फिफ्टी जमाई. अभिषेक की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और ऑस्ट्रेलिया में ये पहला ही अर्धशतक है.
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शुक्रवार 31 अक्टूबर को सीरीज के दूसरे मैच में भी टीम इंडिया पहले बैटिंग के लिए उतरी. पिछले मैच में अभिषेक जल्दी ही आउट हो गए थे लेकिन दूसरे मैच में कहानी बदल गई. इस बार मेलबर्न की उछाल लेती पिच पर भारतीय टीम के बल्लेबाज बड़े शॉट्स खेलने की कोशिश में विकेट गंवाते गए. शुभमन गिल से लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन और तिलक वर्मा जैसे स्टार बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर पर ढेर हो गए.
भारतीय टीम ने 7.3 ओवर में ही 49 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे लेकिन दूसरी ओर से अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी जारी थी. इन 49 रन में से भी 34 रन अकेले अभिषेक के थे और वो भी 13 गेंदों में आ गए थे. मगर इसके बाद अभिषेक ने हर्षित राणा के साथ पारी को संभाला और फिर 13वें ओवर में एक बेहतरीन अर्धशतक जमा दिया. अपनी पारी में अभिषेक ने 7 चौके और 1 छक्का जमा दिया था.
(खबर अपडेट हो रही है)
