स्पाइसजेट
दुबई से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट (SG-58) की फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने शराब के नशे में जमकर बवाल काटा. यात्री ने न केवल शराब पीकर हंगामा किया बल्कि क्रू मेंबर्स के साथ दुर्व्यवहार भी किया.
जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान यात्री ने शराब पी रखी थी और वह बार-बार हंगामा कर रहा था. जब विमान के केबिन क्रू ने उसे शांत रहने के लिए कहा, तो वह और अधिक उग्र हो गया. बार-बार टोकने के बावजूद यात्री ने अपना हंगामा जारी रखा. इससे अन्य यात्रियों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ा. विमान के जयपुर लैंड होते ही एयरलाइन सिक्योरिटी ने यात्री को रोक दिया.
पुलिस ने यात्री को हिरासत में लिया
इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने घटना की जानकारी सांगानेर एयरपोर्ट थाना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्री को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ विमानन नियमों के उल्लंघन व दुर्व्यवहार की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हवाई सफर के दौरान इस तरह की बढ़ती घटनाओं ने विमानों में यात्रियों की सुरक्षा और इन-फ्लाइट अनुशासन को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

