एयर इंडिया विमान
एयर इंडिया की दिल्ली से चीन के शंघाई के बीच नॉन स्टॉप उड़ानें एक बार फिर शुरू की जाएगी. यह सेवा 1 फरवरी 2026 से बहाल होगी. एयर इंडिया अथॉरिटी ने सोमवार को यह जानकारी साझा की है. इस कदम से भारत और चीन के बीच एयर कनेक्टिविटी में सुधार आएगा, जो लंबे समय से बाधित है.
एयर इंडिया एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह मुंबई से शंघाई के लिए भी उड़ानें शुरू करने की योजना बना रही है. हालांकि इन उड़ानों की शुरुआत रेगुलेटरी अप्रूवल मिलने के बाद ही संभव होगी. काफी समय के बाद शंघाई रूट की वापसी से यात्रियों और कारोबारी समुदाय को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि एयर इंडिया का यह फैसला भारत और चीन के बीच बढ़ते व्यापारिक और यात्रा संबंधी संबंधों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इन नॉन-स्टॉप उड़ानों के शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और दोनों देशों के बीच आना-जाना काफी आसान हो जाएगा.
सप्ताह में 4 फ्लाइट शुरू करने की योजना
बताया जा रहा है कि फिलहाल एयर इंडिया दिल्ली और शंघाई के बीच में सप्ताह में 4 फ्लाइट की योजना बना रही है. इन उड़ानों के लिए बोइंग 787-8 का उपयोग किया जाएगा. इसमें बिजनेस क्लास के 19 फ्लैट बेड सीट और इकोनॉमी क्लास की 238 सीटें होंगी. बता दें 2020 के बाद से भारत और चीन के बीच में सीधी उड़ानों को बंद किया गया था. इसके बाद हाल ही में जब दोनों देशों के बीच रिश्तों पर जमीं बर्फ पिघली तो एक बार फिर से हवाई उड़ान को शुरू करने पर सहमति बनीं.

