रिलायंस का मार्केट कैप
शेयर बाजार में बीते हफ्ते गिरावट का रुख देखा गया. खासतौर पर महीने के आखिरी दो कारोबारी दिनों में बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 1000 अंकों का गोता लगाते हुए बंद हुआ. बाजार के हल्के रुख का असर मार्केट की बड़ी और ज्यादा वैल्यू वाली कंपनियों पर देखने को मिला, जिनमें सेंसेक्स की 10 में से 6 कंपनियों की वैल्यू कम हो गई और सिर्फ 4 के मार्केट कैप में तेजी आई है.
सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के मार्केट कैप में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 95,447.38 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. सबसे अधिक लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही. शीर्ष 10 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई. वहीं, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मूल्यांकन में सामूहिक रूप से 91,685.94 करोड़ रुपये की गिरावट आई.
इनकी बढ़ी वैल्यू
समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 47,431.32 करोड़ रुपये बढ़कर 20,11,602.06 करोड़ रुपये हो गया. भारतीय स्टेट बैंक ने सप्ताह के दौरान 30,091.82 करोड़ रुपये जोड़े और इसका मूल्यांकन 8,64,908.87 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 14,540.37 करोड़ रुपये बढ़कर 11,71,554.56 करोड़ रुपये पर और एलआईसी का मूल्यांकन 3,383.87 करोड़ रुपये बढ़कर 5,65,897.54 करोड़ रहा.
इन कंपनियों का घटा मार्केट कैप
इस रुख के उलट बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 29,090.12 करोड़ रुपये घटकर 6,48,756.24 करोड़ रुपये रह गया. आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 21,618.9 करोड़ रुपये घटकर 9,61,127.86 करोड़ रुपये पर आ गया. इंफोसिस की बाजार हैसियत 17,822.38 करोड़ रुपये घटकर 6,15,890 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 11,924.17 करोड़ रुपये घटकर 5,79,561.93 करोड़ रुपये रह गया.
एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 9,547.96 करोड़ रुपये घटकर 15,18,679.14 करोड़ रुपये और टीसीएस का मूल्यांकन 1,682.41 करोड़ रुपये घटकर 11,06,338.80 करोड़ रुपये रह गया. शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. इसके बाद क्रमश. एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा है.

