थम गया चुनाव प्रचार, 11 को दसरे फेज का मतदान
बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए रविवार को चुनावी शोर थम गया है. 11 नवंबर को दूसरे फेज का मतदान होगा. इस फेज में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. कुल 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. दूसरे चरण की वोटिंग के लिए 45, 399 बूथ तैयार किए गए हैं.
इनमें 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी बूथ हैं. सभी बूथों पर वेब कास्टिंग की जाएगी. बिहार में पहले चरण की वोटिंग छह नवंबर को हुई थी. इस चरण के रिकॉर्ड 65.08 प्रतिशत वोटिंग हुई थी. पहले चरण की वोटिंग बिहार के चुनावी इतिहास की सर्वाधिक वोटिंग थी.
इन 20 जिलों में वोटिंग
- गयाजी
- कैमूर
- रोहतास
- औरंगाबाद
- अरवल
- जहानाबाद
- नवादा
- भागलपुर
- बांका
- जमुई
- सीतामढ़ी
- शिवहर
- मधुबनी
- सुपौल
- पूर्णिया
- अररिया
- कटिहार
- किशनगंज
- पूर्वी चंपारण
- पश्चिमी चंपारण
अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सात जिलों में मतदान
जिन जिलों में वोटिंग होगी, उनमें से कुछ जिले अंतरराष्ट्रीय सीमा यानी भारत-नेपाल से सेट हैं. ऐसे करीब सात जिले (पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज) हैं.
इसलिए पहले चरण के मुकाबले दूसरे चरण में सुरक्षा के और भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. बिहार के डीजीपी ने बताया कि दूसरे चरण के लिए 1650 कंपनियां तैनात की जा रही हैं. अंतरराष्ट्रीय सीमा को भी सील कर दिया जाएगा. सीमावर्ती राज्यों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं.
नेताओं ने किया ताबड़तोड़ प्रचार
दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार के अंतिम दिन नेताओं ने जमकर प्रचार किया. पीएम मोदी, अमित शाह, तेजस्वी यादव, चिराग पासवान, नीतीश कुमार सहित कई बड़े नेताओं ने रैलियां की और जनता से अपने-अपने पक्ष में वोट करने की अपील की. इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप और वादों की जबरदस्त बारिश हुई. कुल मिलाकर प्रचार के आखिरी दिन सियासत गरमाई रही.
NDA खेमे में गमगीन माहौल- तेजस्वी
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि पहले चरण के मतदान के एनडीए खेमे में गमगीन का माहौल है. हार के डर से अधिकारियों को रात में बुलाकर धमकाया जा रहा है. अधिकारियों को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को पुलिस के द्वारा वोटिंग के दिन तक डिटेन करने, महागठबंधन समर्थित मजबूत बूथों को डिस्टर्ब करने संबंधित निर्देश दिए जा रहे हैं. संबंधित रेंज के अधिकारी बैठक कर रहे हैं.
तेजस्वी यादव ने EC पर उठाए सवाल
दूसरे चरण की वोटिंग से पहले आरजेडी उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी लोगों का रुझान महागठबंधन के पक्ष में है. तेजस्वी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के तीन दिन बीत जाने के बाद भी चुनाव आयोग ने यह नहीं बताया कि महिलाओं और पुरुषों का कितना मतदान प्रतिशत रहा. ये आंकड़ें क्यों छिपाए जा रहे हैं? तीन दिन बाद भी आप वोट का प्रतिशत नहीं बता रहे हैं. उन्होंने कहा कि पहले शाम में ही पता चल जाता है. मगर अब छुपाया क्यों जा रहा है. चुनाव आयोग को इसका जवाब देना पड़ेगा.

