महिला से की जा रही पूछताछ.
उत्तराखंड के रुड़की में उस वक्त सब दंग रह गए जब एक भीख मांगने वाली महिला के थैले से एक लाख से भी ज्यादा रुपये मिले. दरअसल, 13 सालों से वो एक ही जगह बैठकर भीख मांगती थी. उसे जब वहां से हटाया जा रहा था तो अचानक उसके थैले से पैसे गिरे. वो भी इतने ज्यादा कि लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है. वो ठीक से बात भी नहीं कर पा रही है. पूरे इलाके में बस इसी बात की चर्चा है कि आखिर इसके पास इतने रुपये आए तो आए कहां से.
मामले की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची. महिला से पूछताछ की कोशिश की जा रही है. मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पठानपुरा मोहल्ला का है. यहां के चुंगी नंबर तीन के पास एक पुराने मकान के बाहर पिछले 13 वर्षों से एक अंजान महिला रह रही है. आते जाते लोग इस महिला को भीख में कुछ न कुछ देते रहते हैं. कुछ लोग खाने पीने का सामान देते थे.
महिला मानसिक रूप से दिव्यांग होने की वजह से बोलचाल में भी असमर्थ थी. मोहल्ले के लोग ही महिला की मदद करते थे. जिस मकान के बाहर महिला रहती थी, शुक्रवार को जब वहां निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए महिला और उसका सामान हटाया गया तो महिला के थैले से अचानक ही रुपये गिर गए. इन रुपयों को देख लोग हैरान रह गए
17 किलोग्राम के सिक्के मिले
थैले में रखी एक गठरी में भी नोट बंधे हुए थे. जब इनकी गिनती गई तो वह एक लाख रुपये से भी अधिक निकले. इसके साथ ही 17 किलोग्राम के सिक्के भी निकले. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकांश नोट छोटे ही थे. इसके अलावा सिक्के भी काफी थे. इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है. उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिले और वह संवाद करने में असमर्थ है. जल्द ही महिला को किसी सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा. जहां उसे चिकित्सकीय सहायता और पुनर्वास की सुविधा मिल सकेगी.
