दिल्ली में बीते सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में ब्लास्ट हुआ था. ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत हो गई थी. वहीं 24 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. इनका इलाज LNJP हॉस्पिटल में चल रहा है. ब्लास्ट के बाद से सुरक्षा कारणों के चलते लाल किला मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया. 24 घंटे से अधिक समय हो गया, लेकिन अभी तक इस मेट्रो स्टेशन को चालू नहीं किया गया है.
वहीं अब DMRC की तरफ से ट्वीट कर एक बड़ी जानकारी दी गई है. DMRC ने बताया कि, “सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन 12 नवंबर को भी बंद रहेगा. अन्य सभी स्टेशन सामान्य रूप से कार्यरत हैं.” फिलहाल अभी यात्री इस मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. उन्हें DMRC के अगले अपडेट का इंतजार करना होगा.
Service Update
Due to security reasons the Lal Quila Metro Station shall continue to remain closed on 12th of November also.
All other stations are functional as normal.
Please follow our social media channels for further updates.
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) November 11, 2025
मेट्रो स्टेशनों पर चेकिंग तेज
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार ब्लास्ट के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अलर्ट मोड पर है. दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. CISF द्वारा मेट्रो स्टेशन के साथ-साथ उसके आसपास भी चेकिंग तेज कर दी गई है. संदिग्ध लगने पर यात्रियों के सामानों को खोलकर भी चेक किया जा रहा है.
गेट नंबर-1 और 4 पर एंट्री और एग्जिट बंद
कार ब्लास्ट के बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 और 4 को अगले आदेश तक एंट्री और एग्जिट के लिए बंद कर दिया गया है. वॉयलेट लाइन पर यात्रियों की सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई. DMRC ने बताया कि दिल्ली मेट्रो पहले की तरह सामान्य तरीके से चल रही है. बस सुरक्षा कारणों के चलते लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद किया गया है.

