Vaibhav Suryavanshi Fake X Accounts GettyImage Credit source: Getty Images
भारतीय क्रिकेट के सबसे युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का रुतबा लगातार बढ़ रहा है. एक साल से भी कम वक्त में 14 साल के इस बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बैटिंग से पूरी दुनिया में छाप छोड़ दी है. हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऐतिहासिक शतक जमाकर वैभव ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था. ऐसे में वैभव के चाहने वालों की तादात भी लगातार बढ़ रही है. मगर सोशल मीडिया के इस दौर में जैसा हर पॉपुलर सेलिब्रिटी के साथ हो रहा है, अब वैभव के नाम पर भी फर्जीवाड़ा होने लगा है और इसे लेकर भारतीय बल्लेबाज ने अपने फैंस को सतर्क किया है.
टीम इंडिया को अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बनाने के बाद वैभव सूर्यवंशी अब IPL 2026 सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं. मगर जहां उनका ध्यान क्रिकेट पर है, वहीं उनके नाम का सोशल मीडिया में गलत इस्तेमाल हो रहा है. असल में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वैभव के नाम से कई अकाउंट खुल गए हैं. इसके चलते कई यूजर्स इस गलतफहमी में फंस रहे हैं कि वैभव का सही अकाउंट कौन सा है? क्या जो पोस्ट वैभव के नाम से हो रहे हैं, उन्हें खुद वो कर भी रहे हैं या नहीं.
वैभव सूर्यवंशी को करनी पड़ी अपील
सोशल मीडिया पर कई अकाउंट्स बनने और उनसे हो रहे रहे पोस्ट का मामला अब वैभव सूर्यवंशी तक भी पहुंच गया है और उन्होंने खुद इस मसले पर आकर स्थिति साफ की है. वैभव ने 17 फरवरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट्स से एक स्टोरी पोस्ट शेयर की और खुलासा किया कि उनका ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म पर कोई अकाउंट नहीं है. वैभव ने हिंदी और अंग्रेजी में एक पोस्ट शेयर किया, “एक छोटी से जानकारी: मेरा X पर कोई अकाउंट नहीं है. कृपया किसी भी फर्जी अकाउंट से सावधान रहें और उनसे जुड़ने से बचें.”

इंस्टाग्राम पर दमदार फॉलोइंग
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं. इस प्लेटफॉर्म पर वैभव के कुल 2.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जो उनकी उम्र के और कई अन्य सीनियर खिलाड़ियों से भी ज्यादा है. वहीं उनके नाम पर X पर बने सबसे पॉपुलर अकाउंट के भी 40 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वैभव अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं, जिनके नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर यूजर्स को फंसाने की कोशिश होती रही है. भारत से लेकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड समेत हर देश के मशहूर खिलाड़ियों के नाम पर इ तरह के फर्जी अकाउंट X और इंस्टाग्राम पर मौजूद हैं, जिनसे शेयर किए गए पोस्ट को कई बार असली मान लिया जाता है.


