फ्रांस से आएंगे 114 और राफेल
भारतीय वायुसेना की ताकत और बढ़ने वाली है. भारत सरकार फ्रांस से 114 और राफेल खरीदने वाली है. 3.25 लाख करोड़ रुपये की इस डील पर इस हफ्ते बातचीत हो सकती है. इनमें से ज्यादातर राफेल का निर्माण भारत में ही किया जाएगा. इसमें लगभग 30 फीसदी कलपुर्जे और तकनीक स्वदेशी होगी. दोनों देशों के बीच यह डील न सिर्फ IAF की ताकत बढ़ाएगी, बल्कि भारत में रक्षा निर्माण को एक नई दिशा भी देगी. यह डील आत्मनिर्भर भारत के लिए काफी अहम मानी जा रही है.
न्यूज एजेंसी एएनआई को डिफेंस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 से 18 राफेल विमान फ्रांस से सीधे रेडी-टू-यूज कंडीशन में मिल सकते हैं, ताकि वायुसेना फिलहाल की जरूरतें इससे पूरी कर सके. प्रस्ताव में इस बात का जिक्र किया गया है.
दरअसल, भारत की चाहत है कि इन फ्रांसीसी विमानों में भारत में बने हथियार और सिस्टम लगाए जा सकें. इसके लिए फ्रांस से तकनीकी मदद मांगी जा रही है. विमान का ‘सोर्स कोड’ फ्रांस के पास ही रहेगा, लेकिन भारत अपनी जरूरतों के हिसाब से इसमें बदलाव की सुविधा चाहता है. इस हफ्ते होने वाली रक्षा मंत्रालय की हाई लेवल मीटिंग में इन सभी प्वाइंट्स पर फाइनल चर्चा की जाएगी.

