दिल्ली की पटियाला हाउस स्पेशल NIA कोर्ट ने लाल किला ब्लास्ट मामले में चार आरोपियों की रिमांड 10 दिन के लिए बढ़ा दी है. कोर्ट ने ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार डॉक्टर मुज़म्मिल, डॉक्टर शाहीन सईद, डॉक्टर अदिल और मुफ्ती इरफान की रिमांड 10 दिन के लिए बढ़ा दी है.इसके बाद एनआईए की टीम सभी को कोर्ट से अपने साथ ले गई. राष्ट्रीय जांच एजेंसी अब उनसे आतंकी मॉड्यूल की फंडिंग, प्लानिंग और विदेशी लिंक के बारे में पूछताछ करेगी.
चारों आरोपियों की NIA हिरासत शनिवार को खत्म हो रही थी, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था. 20 नवंबर को कोर्ट ने चारों को आज यानी 29 नवंबर तक की NIA हिरासत में भेजा था. शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सभी आरोपियों, मुजम्मिल गनई, अदील राथर और शाहीन सईद के साथ-साथ मौलवी इरफान अहमद वागे को पटियाला हाउस कोर्ट के प्रिंसिपल और सेशंस जज अंजू बजाज चांदना के सामने पेश किया गया था. जिन्होंने उनकी 10 दिन की कस्टडी बढ़ा दी. वहीं बाक़ी तीन आरोपी जासिर, शोयाब और आमिर पहले से ही रिमांड पर है. इन तीनों को सिर्फ़ जांच की प्रक्रिया के चलते ही शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया था.
NIA 15 दिन की हिरासत की मांग की थी
कोर्ट ने डॉ. मुजम्मिल गनी, अदील राथर, शाहिन सईद, मौलवी इरफान अहमद वागे को पहले भी 10 दिन की रिमांड पर भेजा था. एनआईए ने कोर्ट से आरोपियों की 15 दिन की हिरासत की मांग की थी ताकि उनसे पूछताछ कर पूरे मॉड्यूल को बेनकाब किया जा सके. हालांकि, कोर्ट ने चारों आरोपियों को 10 दिन की एनआईए कस्टडी में भेजने का आदेश दे दिया था.
7 आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया
10 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद एनआईए ने सात आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया था. अब तक, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा भंडाफोड़ किए गए एक व्हाइट-कॉलर टेरर मॉड्यूल से जुड़े हैं.
अलग-अलग राज्यों से संदिग्धों को किया जा रहा गिरफ्तार
दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट की जांच में दिल्ली पुलिस समेत देश की कई अन्य एजेंसियां लगी हैं. अभी तक की जांच में देश के अलग-अलग राज्यों से कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा रहा है. जिसने इस धमाके को लेकर पूछताछ हो रही है. जांच एजेंसियां और खासकर NIA इस पूरे मामले के पहलू की जांच में जुटी है. 10 नवंबर को लाल किले के पास विस्फोटकों से लदी I20 कार में ब्लास्ट हुआ था, जिसे डॉ. उमर-उन-नबी चला रहा था. इसमें करीब 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से जख्मी गो गए थे.
NIA ने एक बयान में कहा, ‘एजेंसी आत्मघाती बम विस्फोट के सिलसिले में विभिन्न सुरागों की तलाश जारी रखे हुए है और इस हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने एवं उनका पता लगाने के लिए संबंधित पुलिस बलों के साथ समन्वय में विभिन्न राज्यों में तलाशी अभियान चला रही है’.

