दिल्ली में छाई धुंध
दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है. दिवाली के बाद दिल्ली में तेजी से प्रदूषण बढ़ा और राजधानी दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है. दिवाली की रात ज्यादा प्रदूषण वाले पटाखे फोड़ने से हवा दमघोंटू हो गई. दिल्ली के कई इलाकों में धुंध की चादर छाई हुई है. दिल्ली की हवा में प्रदूषण के कारण लोगों का सांस लेना भी दुश्वार हो गया है.
दिल्ली में AQI बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने 22 से 24 अक्टूबर तक वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में ही रहने की आशंका जताई है. एक-दो जगहों को छोड़कर दिल्ली के लगभग सभी शहरों में AQI 300 से 400 के बीच बना हुआ है. यही नहीं कुछ जगहों पर तो AQI 400 के पार भी पहुंच गया है.
400 के पार पहुंचा AQI
पंजाबी बाग और वजीरपुर दोनों जगहों पर 22 अक्टूबर को AQI लेवल 400 के पार है, जहां पंजाबी बाग का AQI 433 है. वहीं वजीरपुर का 401 दर्ज किया गया है. वहीं दिल्ली के आनंद विहार का AQI-360, अशोक विहार का 382, बवाना का 380, बुराड़ी क्रॉसिंग का 360, मथुरा रोड का 351, द्वारका सेक्टर 8 का 353, दिलशाद गार्डन का 382, ITO का 361, जहांगीरपुरी का 365, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम का 351, नेहरू नगर का 398, नॉर्थ कैंपस का 357, ओखला फेज 2 का 353, पटपड़गंज का 357, पूसा का 355, RK पुरम और रोहिणी का 379, विवेक विहार 361 है.ये सभी इलाके खराब श्रेणी में हैं.
वहीं आया नगर का AQI 348, चांदनी चौक का 339, कर्णी सिंह का 328, मेजर ध्यान चंद स्टेडियम का 334, मंदिर मार्ग का 343, नजफगढ़ का 303, नरेला का 334, शादीपुर का 320, सीरीफोर्ट का 328, सोनिया विहार का 347, अरबिंदो मार्ग का AQI 321 बना हुआ है. इन इलाकों में AQI लेवल 350 से कम है यानी यहां वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में है और ये 300 से ऊपर के इलाके रेड जोन में हैं.
दिल्ली की हवा में घुल रहा जहर
वहीं IGI एयरपोर्ट का AQI 275, DTU का 236, लोधी रोड का 244 है. ये महज तीन इलाके ऐसे हैं, जहां पर AQI 300 से कम है. हालांकि, वायु गुणवत्ता इन इलाकों में भी खराब है. इस तरह दिल्ली की हवा में जहर घुल रहा है. दिवाली के बाद प्रदूषण में इजाफा हुआ है. सुप्रीम कोर्ट की ओर से रात को 8 से 10 बजे के बीच हरित पटाखे फोड़ने की अनुमति दी गई थी, लेकिन हरित के साथ प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे भी फोड़े गए.
