यूपी के 7 शहरों में फ्लैट खरीदने का मौका.
दिवाली भले ही बीत चुकी हो लेकिन उत्तर प्रदेश में लोगों के पास अभी भी खुशियों की चाबी पाने का पूरा मौका है. दरअसल उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद (UPAVP) ने प्रदेश के 7 प्रमुख शहरों लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर, आगरा, मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद में लगभग 10,000 खाली पड़े फ्लैटों की स्कीम लॉन्च की है. स्कीम की खास बात ये है कि इन फ्लैटों को 15% तक की छूट पर बेचा जाएगा. यह ‘रेडी-टू-मूव’ फ्लैट हैं, जो मुख्य रूप से 2 और 3 BHK के हैं. बुकिंग 30 अक्टूबर 2025 से ऑनलाइन शुरू हो रही है और यह ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर इस योजना के तहत फ्लैट दिए जाएंगे.
परिषद की योजनाओं में लखनऊ की अवध विहार, वृंदावन और राजाजीपुरम योजना प्रमुख रूप से शामिल हैं, जहां तीन हजारों से अधिक फ्लैट तैयार हैं. इसके अलावा आगरा, कानपुर, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर की योजनाओं को भी इस लाभ में शामिल किया गया है. परिषद के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में कुल 10,130 फ्लैट खाली पड़े हैं, जिनमें से सबसे अधिक यानी 3,285 फ्लैट केवल लखनऊ में उपलब्ध हैं. अकेले अवध विहार में 1,519, वृंदावन योजना में 855 और राजाजीपुरम के मुन्नू खेड़ा और बीबी खेड़ा में 824 और 87 फ्लैट तैयार हैं.

बुकिंग होगी पूरी तरह ऑनलाइन
परिषद के मुताबिक इन फ्लैटों की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन की जाएगी. पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर फ्लैट चुन सकेंगे. बिक्री की प्रक्रिया बिल्कुल पारदर्शी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे. इस योजना के तहत खरीदारों को दो विकल्प दिए जा रहे हैं. पहला यह कि यदि कोई व्यक्ति खरीद के 60 दिनों के भीतर पूरा भुगतान कर देता है, तो उसे एकमुश्त राशि पर 15 प्रतिशत तक की छूट मिल जाएगी. इस योजना के तहत फ्लैट मालिक को 10 प्रतिशत भुगतान 90 दिनों के अंदर करना होगा. नए नियम के मुताबिक अब 50% राशि जमा करने पर ही फ्लैट का कब्जा मिल जाएगा (पहले पूरी राशि जमा करनी पड़ती थी. जबकि बाकी 50% राशि 10 साल की EMI में चुकानी होगी, जिसमें ब्याज दर केवल 9% (पहले 11.5% थी) चुकानी होगी. अगर शेष राशि पहले चुका दें, तो अतिरिक्त 2% की छूट दी जाएगी.
सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष ऑफर
सरकारी/अर्ध-सरकारी कर्मचारी, सेवानिवृत्त अधिकारी, सुरक्षा कर्मी और पूर्व सैनिकों को केवल 25% राशि जमा करने पर फ्लैट पर कब्जा दे दिया जाएगा. उपलब्ध फ्लैटों की संख्या (शहर-वार) इस तहर से है.

फ्लैटों के रेट (कीमतें) शहर, योजना और फ्लैट के प्रकार (2BHK/3BHK) के आधार पर अलग-अलग हैं. कोई एक फिक्स्ड रेट नहीं है, लेकिन अनुमानित रेंज की बात करें तो लखनऊ में (2BHK/3BHK)फ्लैट की कीमत 25 लाख से 1.25 करोड़ रुपये तक है. अन्य शहरों जैसे गाजियाबाद में इसकी कीमत और ज्यादा हो सकती है.
बुकिंग प्रक्रिया (स्टेप-बाय-स्टेप)
वेबसाइट पर जाएं: UPAVP की आधिकारिक साइट www.upavp.in पर लॉगिन करें (या QR कोड स्कैन करें).
सेक्शन चुनें: ‘ऑनलाइन सेवाएं’ > ‘फ्लैट/हाउस पंजीकरण’ या ‘सार्वजनिक सूचना’ में जाएं.
विज्ञापन डाउनलोड करें: 30 अक्टूबर से उपलब्ध विज्ञापन में फ्लैट डिटेल्स (स्थान, कीमत, छूट) देखें.
आवेदन भरें: पसंदीदा शहर/योजना चुनें, ऑनलाइन फॉर्म भरें, और पंजीकरण शुल्क (फ्लैट वैल्यू का % ) जमा करें.
दस्तावेज अपलोड: आधार, पैन, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण (स्कैन कॉपी).
आवंटन: पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर ईमेल/SMS से आवंटन पत्र मिलेगा.
भुगतान: 50% जमा करें और कब्जा लें. बाकी किश्तों में.
