चर्चा है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा वीर लाचित सेना पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में हैं.
असम की राजनीति और समाज में लम्बे समय से वीर लाचित सेना सुर्खियों में है. चर्चा है कि राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इस संगठन पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में हैं. उन्होंने हाल ही राज्य भर के पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक भी की है. आइए जानते हैं कि आखिर यह संगठन है क्या? इसका इतिहास और घोषित मकसद क्या है? सरकार क्यों इसे लेकर सख्त दिख रही है?
लाचित बरफूकन 17वीं सदी में अहोम साम्राज्य के सेनापति थे, जिन्होंने 1671 के साराईघाट के युद्ध में मुग़ल सेना को ब्रह्मपुत्र नदी पर निर्णायक ढंग से रोका. यह युद्ध असम की सांस्कृतिक-सामरिक स्वतंत्रता का प्रतीक माना जाता है. लाचित की रणनीति, अनुशासन और मातृभूमि के प्रति निष्ठा को असम में आज भी वीरता के आदर्श रूप में याद किया जाता है.
हर वर्ष लाचित दिवस मनाकर उनके योगदान का सम्मान किया जाता है. शैक्षिक और सांस्कृतिक संस्थानों में उनके शौर्य-गाथा पर कार्यक्रम होते हैं. इसलिए जब किसी संगठन के नाम में वीर लाचित जुड़ता है, तो वह स्वतः असमिया गौरव-भावना से संवाद करने लगता है.
क्या है वीर लाचित सेना?
वीर लाचित सेना एक सामाजिक-राजनीतिक दबाव समूह के रूप में सामने आया, जो खुद को असमिया पहचान, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय हितों के रक्षक के रूप में प्रस्तुत करता है. इसकी स्थापना साल 2010 में थी. नाम से ही यह स्पष्ट है कि संगठन असम के शौर्यप्रतीक लाचित बरफूकन की विरासत से प्रेरणा लेने का दावा करता है. संगठन असमिया भाषा, लोक-संस्कृति और ऐतिहासिक प्रतीकों के संरक्षण की मांग करता है.
लाचित बरफूकन 17वीं सदी में अहोम साम्राज्य के सेनापति थे, वीर लाचित सेना उन्हें अपनी प्रेरणा मानती है.
स्थानीय लोगों के रोजगार, भूमि-अधिकार और संसाधनों पर प्राथमिक दावा का समर्थन भी करता है. अवैध आव्रजन, जनसांख्यिकीय बदलाव और सांस्कृतिक असुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी संगठन मुखर है. कभी-कभी प्रदर्शन, बहिष्कार अभियान, और आक्रामक बयानबाज़ी के लिए भी इस संगठन की पहचान होती है, जो कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती के रूप में अब सामने है. इसके मौजूद प्रमुख रंतू पानी फूकन को हाल ही पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान गिरफ्तार किया था.
एक लंबी परंपरा से भी जुड़ता है संगठन
असम में छात्र एवं सांस्कृतिक संगठनों की एक लंबी परंपरा रही है (जैसे AASU आदि), जिन्होंने अस्मिता और पहचान के प्रश्नों पर बड़े जनांदोलनों का नेतृत्व किया. ऐसे ही छात्र नेता प्रफुल्ल कुमार महंत सीएम की कुर्सी तक पहुंचे. वीर लाचित सेना को उसी व्यापक परंपरा के बीच एक अपेक्षाकृत नए, अधिक मुखर और कभी-कभी टकराववादी स्वर की तरह देखा गया है.
वीर लाचित सेना के समर्थक खुद को असमिया पहचान के वास्तविक रक्षक बताते हैं.
असम सरकार क्यों है सख्त?
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने समय-समय पर ऐसे किसी भी संगठन के खिलाफ सख्ती का संकेत दिया है, जो राज्य में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, हिंसक भीड़-तंत्र या समानांतर मोरल पुलिसिंग को बढ़ावा देते हैं. वीर लाचित सेना पर प्रतिबंध की चर्चा निम्न आशंकाओं से जुड़ी बताई जाती है.
- कानून-व्यवस्था पर असर: अगर किसी संगठन की गतिविधियां डराने-धमकाने, सड़क-नाके, जबरन बंद या हिंसक टकराव की ओर बढ़ें, तो प्रशासन उन्हें सुरक्षा-खतरा मान सकता है.
- नफरत भड़काने के आरोप: सोशल मीडिया पोस्ट, भाषण या पोस्टर/नारेबाज़ी के जरिए समुदायों में वैमनस्य पैदा करने के आरोप लगें तो प्रशासन UAPA/IPC/IT Act जैसे प्रासंगिक प्रावधानों पर विचार कर सकता है.
- समानांतर नियंत्रण: जब कोई समूह पुलिस/प्रशासन की भूमिका को चुनौती देकर स्वयं व्यवस्था थामने का प्रयास करे, तो राज्य सरकारें प्रायः उसे रोकने के लिए प्रतिबंध जैसे कदमों पर विचार कर सकती हैं.
सरकार की दलील आमतौर पर यह होती है कि सांस्कृतिक-भाषाई अस्मिता पर शांतिपूर्ण, कानून सम्मत तरीके से आवाज़ उठाना सभी का अधिकार है, पर हिंसा, दबाव या घृणा फैलाने की इजाज़त किसी को नहीं है.
क्या है वीर लचित सेना का मकसद?
वीर लाचित सेना के समर्थक इसे असमिया पहचान के वास्तविक रक्षक के रूप में देखते हैं. उनकी नज़र में यह संगठन सांस्कृतिक घुसपैठ और लोक संख्यात्मक असंतुलन के खिलाफ चेतावनी देता है. स्थानीय युवाओं के रोजगार, शिक्षा, छोटे व्यवसाय और भूमि-सुरक्षा जैसे ठोस मुद्दों पर दबाव बनाता है. सरकारी नीतियों में असमिया हित सुनिश्चित कराने के लिए मुखर जनआवाज़ है. समर्थक अक्सर कहते हैं कि कठोर बयानबाज़ी के बावजूद यह संगठन समाज की पीड़ा और बेचैनी की अभिव्यक्ति है, जिसे नज़रअंदाज़ करने से समस्याएं सुलझेंगी नहीं.
विरोधी पक्ष का तर्क है कि इस संगठन की टकराववादी शैली से सामाजिक सद्भाव को खतरा है.
संगठन के खिलाफ असहमति के स्वर
विरोधी पक्ष का तर्क है कि यह संगठन कठोर, टकराववादी शैली से सामाजिक सद्भाव को खतरा है. हम बनाम वे की भाषा सांप्रदायिक तनाव को उकसाती है. असमिया अस्मिता की रक्षा का सही रास्ता समावेशी नीतियां, शिक्षा-सुधार, रोजगार-सृजन और सांस्कृतिक संवाद है-न कि धमकी या बहिष्कार. किसी भी संगठन का लाचित बरफूकन जैसे ऐतिहासिक नायक के नाम का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए—लाचित की विरासत में अनुशासन, रणनीति और राज्य-निष्ठा शामिल है, अराजकता नहीं.
क्या है कानूनी और संवैधानिक स्थिति?
भारत का संविधान शांतिपूर्ण सभा, अभिव्यक्ति और संगठन बनाने का अधिकार देता है, पर ये अधिकार उचित प्रतिबंधों के अधीन हैं-विशेषकर सार्वजनिक शांति, नैतिकता और राज्य की सुरक्षा के संदर्भ में. किसी संगठन पर बैन लगाने के लिए आम तौर पर सरकारें हिंसा, उकसावे, जबरन वसूली, साम्प्रदायिक भड़काव, आदि का सहारा लेती हैं. सुरक्षा पर वास्तविक खतरे के संकेत मिलने पर भी कार्रवाई संभव है. प्रतिबंध का कोई भी फैसला अंततः अदालत में परखा जाता है और प्रशासन को ठोस साक्ष्य पेश करने होते हैं. अगर प्रतिबंध लगा तो इस केस में भी सरकार को अदालत में जवाब देना होगा.
लाचित की विरासत और आज का असम
लाचित बरफूकन की सबसे बड़ी सीख यह है कि मातृभूमि की रक्षा रणनीति, अनुशासन और लोकसमर्थन से होती है. उनकी विरासत भय पैदा करने से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास जगाने से जुड़ी है. असम के समसामयिक मुद्दे-जैसे अवैध आव्रजन, नदी-कटाव, बाढ़, चाय उद्योग और तेल-गैस-कोयला जैसे संसाधनों का न्यायसंगत लाभ, शैक्षिक और स्वास्थ्य-संरचना, तथा रोजगार-इन सबका समाधान संस्थागत नीतिनिर्माण, संवाद और सतत विकास की राह से ही संभव है. सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा भी तब टिकाऊ होती है जब वह समावेशी, लोकतांत्रिक और कानून-सम्मत मार्ग अपनाती है.
यह भी पढ़ें:राजनीतिक दलों ने नहीं निभाया चुनावी वादा तो क्या सजा होगी? महागठबंधन आज जारी करेगा घोषणा पत्र
