हैदराबाद में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पर हमला करने की कोशिश कर रहे एक मोबाइल फ़ोन चोर पर पुलिस ने गोली चला दी, जिसमें वह घायल हो गया. दरअसल, डीसीपी पुलिस कार्यालय से अपने कार्यालय जा रहे थे. इस दौरान उन्होंने देखा कि एक चोर किसी व्यक्ति को फोन चोरी करके भाग रहा है. उन्होंने उसका पीछा किया और चोर पकड़ा. वहीं चोर ने डीसीपी और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी पर चाकू से हमला करने की कोशिश की.
घटना चदरघाट के विक्ट्री प्लेग्राउंड के पास हुई. डीसीपी (दक्षिण पूर्व) एस. चैतन्य कुमार बंजारा हिल्स स्थित हैदराबाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक बैठक में भाग लेने के बाद सैदाबाद स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे.
फोन छीनकर भाग रहा था चोर
चदरघाट से गुज़रते समय, डीसीपी ने एक व्यक्ति को किसी व्यक्ति से मोबाइल फोन छीनकर भागते देखा. डीसीपी और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) तुरंत अपनी गाड़ी से उतरकर चोर का पीछा करने लगे. जब पीएसओ ने उसे पकड़ लिया, तो चोर ने चाकू निकाल लिया और डीसीपी और पीएसओ पर हमला करने की कोशिश की.
इस दौरान पीएसओ ज़मीन पर गिर पड़ा. डीसीपी ने तुरंत बंदूक उठाई और तीन राउंड फायरिंग की. एक गोली चोर को लगी. हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने इस मामले की जानकारी दी.
डीसीपी ने मारी गोली
गोली लगने के बाद भी चोर भागने की कोशिश करता रहा और विक्ट्री प्लेग्राउंड के पीछे एक रिहायशी इलाके में भाग गया. स्थानीय लोगों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी. उसे दो गोलियां लगीं और उसे इलाज के लिए नामपल्ली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहीं डीसीपी और पीएसओ को भी मामूली चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए. इलाके को सील कर दिया गया और जांच शुरू कर दी गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि वह व्यक्ति अकेला था या मोबाइल छीनने वाले किसी गिरोह का हिस्सा था.
