युवक ने की मां की बेरहमी से हत्या
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी. यह दर्दनाक वारदात जिगना थाना क्षेत्र के बघेड़ा कला गांव की है. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बघेड़ा कला गांव निवासी रामसूरत बिंद अक्सर शराब के नशे में घर आता था और परिवार वालों से झगड़ा करता था. बीती रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी पत्नी सुनीता देवी को बेवजह मारने-पीटने लगा. पत्नी के साथ हो रही मारपीट और गाली-गलौज देखकर उसकी बुजुर्ग मां चमेलिया देवी (उम्र लगभग 65 वर्ष) ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. लेकिन बेटे को यह बात नागवार गुजरी और उसने गुस्से में अपनी ही मां पर हमला कर दिया.
मां की गला दबाकर हत्या
आरोप है कि रामसूरत ने पहले अपनी मां को लात-घूंसों से मारा और फिर उसका गला दबा दिया. इससे चमेलिया देवी बेहोश होकर गिर पड़ीं. परिजन और पड़ोसी उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इस पूरे घटनाक्रम से गांव में सनसनी फैल गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही जिगना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के छोटे बेटे राममूरत बिंद ने अपने बड़े भाई रामसूरत बिंद के खिलाफ लिखित तहरीर दी है. तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी बेटा शराब के नशे में पत्नी से मारपीट कर रहा था. जब मां बीच-बचाव करने आई, तो उसने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग महिला की रास्ते में ही मौत हो गई.
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है. गांव के लोगों ने बताया कि आरोपी अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता था और परिवार वालों को गाली-गलौज देता था. वहीं, पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को थाने में हिरासत में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
रिपोर्ट- जय प्रकाश सिंह, मिर्जापुर

