मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और विधायक बृजभूषण राजपूत.
यूपी के महोबा जिले में पानी पर सियासी संग्राम के घटनाक्रम ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है. जिले के कई गांवों में पानी नहीं पहुंचने और सड़क की समस्या के चलते बीजेपी विधायक बृज भूषण राजपूत लंबे वक्त से नाराज थे. इस बीच शुक्रवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा पहुंचे तो विधायक और उनके समर्थक आमने-सामने आ गए. समर्थक आपस में भिड़ गए और जमकर नारेबाजी हुई.
उत्तर प्रदेश सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के कार्यक्रम में बवाल हुआ. चरखारी विधायक और मंत्री के बीच तीखी नोंकझोक हुई. इसके बाद विधायक को लेकर मंत्री डीएम कार्यालय पहुंचे. बताया जा रहा है कि मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शहर कोतवाली क्षेत्र के एक प्राइवेट कालेज के कार्यक्रम में पहुंचे थे.
विधायक को लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे मंत्री
इस बीच गांव में पानी ना आने और सड़के खोदने को लेकर विधायक अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे. इसी मामले को लेकर विधायक और मंत्री के बीच तीखी बहस हुई. इसके बाद मंत्री विधायक को लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे हैं, जहां प्रधानों को लेकर डीएम कार्यालय में बैठक चल रही है. इस घटनाक्रम के चलते डीएम कार्यालय के गेट बंद कर दिए गए हैं.

