महिला की भेष में वारदात को अंजाम देने आया था.
राजस्थान की कोटपूतली जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के एक्टिव मेंबर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पुलिस से बचने के लिए महिलाओं के भेष में घूम रहा था. एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक उर्फ बटार बहरोड़ शहर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा.
बदमाश के पास मिला हथियार
एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि विशेष सूचना पर गठित टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ, जिसमें एक देशी पिस्टल, कारतूस और अन्य आपराधिक सामग्री शामिल हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़ाव की बात कबूल की. साथ ही कई आपराधिक वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी.
पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है, जिससे गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों का खुलासा होने की संभावना है. पुलिस आरोपी के नेटवर्क, हथियार आपूर्ति स्रोत और संभावित वारदातों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने कहा कि जिला पुलिस अपराधियों पर सख्त नजर रखे हुए है और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय गैंगस्टर गिरोहों पर पुलिस का सख्त संदेश गया है.
बदमाश अभिषेक पर 8 मामले दर्ज
एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक उर्फ बटार निवासी मोलाहेड़ा, थाना पनियाला का आपराधिक इतिहास रहा है. इसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में आठ मामले पहले से ही दर्ज हैं. पुलिस थाना बहरोड़ में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया गया है. इसकी गिरफ्तारी में क्यूआरटी कोटपुतली के कांस्टेबल मनोज कुमार और क्यूआरटी बहरोड़ के कांस्टेबल बलदेव की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते बदमाश को दबोचा जा सका.
