Champions Trophy Hosting PtiImage Credit source: PTI
करीब एक हफ्ते तक चले विवाद के बाद आखिरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान का मैच हो ही गया. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार 15 फरवरी को दोनों टीम के बीच ग्रुप स्टेज का ये मैच खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने जीता. ये मुकाबला तो बिना किसी विवाद के खत्म हो गया लेकिन इससे पूरे घटनाक्रम ने टेंशन जरूर बढ़ा दी है और इसका असर आने वाले टूर्नामेंट्स पर दिख सकता है. ऑस्ट्रेलिया से आ रही एक रिपोर्ट में तो यही कहा जा रहा है, जिसमें ये भी दावा किया गया है कि ICC कुछ साल बाद भारत में होने वाले टूर्नामेंट की मेजबानी छीन सकती है.
15 फरवरी को खेले गए मुकाबले से पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मैच का बहिष्कार कर दिया था. इसके बाद ICC के समझाने और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने फैसले पर पलटी मारते हुए मैच खेलने का ऐलान किया था. मगर इस विवाद की असली जड़ में बांग्लादेश था. मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के बाद बांग्लादेशी सरकार ने अपनी टीम को वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते वो टूर्नामेंट से ही बाहर हो गई थी.
भारत से छिनेगी इन टूर्नामेंट्स की मेजबानी?
इस पूरे घटनाक्रम और विवाद ने करीब एक महीने तक विश्व क्रिकेट को गरमाए रखा. फिलहाल तो काफी चर्चा और समझौते के बाद ये विवाद थम गया है लेकिन क्या आगे ये मुद्दा दोबारा नहीं उठेगा? इसको लेकर संदेह जताया जा रहा है. ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘सिडनी मॉर्निंग हेरल्ड’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत-पाकिस्तान और बांग्लादेश के राजनीतिक तनाव को देखते हुए ICC एक बड़ा कदम उठा सकती है. इसके तहत 2029 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी और फिर 2031 के वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत से छिन सकती है.
ऑस्ट्रेलिया को बैकअप वेन्यू बनाने की तैयारी
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर भारत के साथ इन दोनों देशों के रिश्ते आगे भी ऐसे ही रहते हैं और पाकिस्तान-बांग्लादेश आगे भी भारत जाने से मना करते हैं, तो इन दोनों टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया को मेजबान बनाया जा सकता है. इसमें भी चैंपियंस ट्रॉफी 2029 में ऐसा होने की ज्यादा संभावना है क्योंकि 8 टीमों वाला ये टूर्नामेंट सिर्फ भारत में आयोजित होगा. वर्ल्ड कप 2031 में शायद इसकी जरूरत न पड़े क्योंकि ये टूर्नामेंट भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से होस्ट करेंगे.


