पीएम मोदी ने गमछा लहराकर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की बंपर जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं. पीएम मोदी जैसे ही गाड़ी से उतरे उन्होंने गमछा लहराकर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं का आभार जताया. बिहार चुनाव में प्रचार के समय में पीएम मोदी ने गमछा लहराया था.
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार एनडीए ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है. राज्य की 243 सीटों की बात करें तो एनडीए 201 सीट पर बढ़त बनाए हुआ है. इसमें बीजेपी पहले नंबर पर है, यानी इस बार वो राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. बीजेपी 90 तो जेडीयू 83 सीट पर या तो जीत दर्ज कर चुकी है या फिर रुझानों में आगे चल रही है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर भी दी बधाई
बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी ने बिहार में जीत को लेकर सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी. पीएम मोदी ने कहा कि यह सुशासन की जीत है. हम साथ मिलकर बिहार को प्रगति के रास्ते पर ले जाएंगे और सशक्त बनाएंगे.
पीएम ने आगे कहा कि बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है. यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा.
आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले.

