घने कोहरे का अलर्ट
दिल्ली की नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई. मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में 2 जनवरी के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 3 जनवरी के लिए भी घने कोहरा का येलो अलर्ट है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दो दिन दिल्ली के तापमान में खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. इस दौरान शीतलहर चलने की भी आशंका है. मौसम विभाग की ओर से साल के पहले बारिश का अनुमान लगाया गया था. हालांकि, बारिश नहीं हुई, लेकिन सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहा.
नए साल की शुरुआत के साथ ही देश के बड़े हिस्से में मौसम ने तीखा रुख अपना लिया है. मौसम विभाग के मुताबिक 2 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे पर्वतीय इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है. मैदानी राज्यों की बात करें तो 1 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.
तमिलनाडू में आंधी-तूफान की संभावना
दक्षिण भारत और द्वीपीय क्षेत्रों में भी मौसम का असर दिखेगा, जहां अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 2 जनवरी को तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है, जबकि तमिलनाडु में 2 जनवरी को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 2 जनवरी को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका भी है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटे न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. पूर्वी भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है. इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और फिर 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे तापमान लगभग सामान्य रहेगा, जबकि आने वाले चार दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. गुजरात में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है, जिसके बाद फिर 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.
इन राज्यों में छाएगा घना कोहरा
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ 6 जनवरी तक, ओडिशा में 5 जनवरी तक, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 जनवरी को और राजस्थान में 3 जनवरी तक कई इलाकों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अलग-अलग तारीखों पर घने कोहरे की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ राज्यों में दिन के समय भी ठंड का असर बना रह सकता है, जिसे कोल्ड-डे की स्थिति कहा जाता है.

