नोखा विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2025 Live Updates:बिहार में वोटिंग के बाद अब काउंटिंग की बारी है. हर किसी को आज शुक्रवार को आने वाले परिणाम का इंतजार है. मतगणना को लेकर सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है. चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है. राज्य में इस बार 2 चरणों में चुनाव कराए गए. राज्य में पिछले कई चुनावों की तुलना में भारी वोटिंग हुई. रोहतास जिले में भी चुनाव को लेकर काफी हलचल देखी गई. यहां की नोखा सीट पर भी हलचल है और थोड़ी देर में शुरुआती रुझान सामने आने की उम्मीद है.
नोखा विधानसभा सीट पर इस बार नगेंद्र चंद्रवंशी और अनीता देवी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. नगेंद्र एनडीए की ओर से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के टिकट पर मैदान में उतरे जबकि अनीता देवी ने महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट से अपनी चुनौती पेश की. दोनों के बीच 2020 के चुनाव में भी टक्कर हुई थी. बिहार में इस बार वोटिंग 6 और 11 नवंबर को कराई गई. रोहतास जिले में दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को वोट डाले गए. इस चरण में 122 सीटों पर वोट पड़े थे.
2020 के चुनाव में कैसा रहा मुकाबला
साल 2020 के चुनाव में नोखा सीट पर 15 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी. लेकिन आरजेडी और जेडीयू के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा. आरजेडी की ओर से अनीता देवी मैदान में उतरीं और उन्होंने 17,672 मतों के अंतर से जीत हासिल की. उन्होंने चुनाव में जेडीयू के नगेंद्र चंद्रवंशी को हराया था. अनीता देवी को 65,690 वोट मिले तो नगेंद्र के खाते में 48,018 वोट आए.
ये भी पढ़ेंःविधानसभा चुनाव परिणाम की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें.
नोखा सीट पर रामेश्वर का जलवा
नोखा विधानसभा सीट पर शुरुआती दौर में कांग्रेस की मजबूत स्थिति हुआ करती थी. वह लंबे समय यहां पर जीतती रही थी. 90 के दशक में जनता दल ने यहां से जीत हासिल की. फिर 2000 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी पहली जीत इस सीट पर हासिल की. रामेश्वर चौरसिया विधायक बने. फिर फरवरी 2005 में भी वह विजयी हुए थे. नवंबर 2005 में चौरसिया ने जीत हासिल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की.
साल 2010 के चुनाव में भी बीजेपी के प्रत्याशी रामेश्वर चौरसिया ने अपनी चौथी जीत इस सीट से दर्ज कराई. लेकिन 2015 में उनकी जीत का सिलसिला थम गया. आरजेडी की अनीता देवी ने उन्हें हराते हुए यह सीट अपने नाम कर ली. 2020 में भी आरजेडी की अनीता देवी विधायक चुनी गईं. उन्होंने जेडीयू के प्रत्याशी को हराया था.

