निठारी कांड में ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल में बंद सुरेंद्र कोली को जेल से रिहा कर दिया गया है. जेल से बाहर आने के बाद मीडिया ने सुरेंद्र कोली से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कोली ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया. बता दें कि निठारी केस में सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को दोषमुक्त मानते हुए तुरंत रिहाई का आदेश दिया था. सुरेंद्र कोली 18 साल से लुक्सर जेल में बंद था. रिहाई के बाद अब वह खुली हवा में सांस ले सकेगा.
बीते मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने निठारी केस से जुड़े अंतिम बचे मामले में भी अपना फैसला सुनाया था. कोर्ट ने इस मामले में सुरेंद्र कोली की सजा को रद्द कर दिया था और तुरंत उसकी रिहाई का आदेश था, जिसके बाद सुरेंद्र कोली के बाहर आने का रास्ता साफ हो सका.
दरअसल, CJI बीआर गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की पीठ ने सुरेंद्र कोली की ओर से दायर क्यूरेटिव याचिका का स्वीकार कर लिया था. इस याचिका में उस फैसले को चुनौती दी गई थी, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली की सजा को बरकरार रखा था. हालांकि भले ही सुरेंद्र कोली जेल से बाहर आ गया हो, लेकिन पीड़ित परिवार कोर्ट के इस फैसले से नाराज हैं.

