शोर्य सुसाइड केस
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन पर 16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या (Student metro station suicide) से जुड़े मामले में तीन और शिक्षकों को पूछताछ के लिए तलब किया है. इससे एक दिन पहले रविवार को दो अन्य शिक्षकों से भी पूछताछ की गई थी. पुलिस ने जांच के तहत कई छात्रों के बयान भी दर्ज किए हैं, ताकि घटनाक्रम की कड़ी जोड़कर स्पष्ट तस्वीर सामने लाई जा सके. इससे पहले, मध्य दिल्ली स्थित स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया था.
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि पुलिस ने उनके सामने यह कहा है कि वे सुसाइड नोट का हैंडराइटिंग टेस्ट कराएंगे, जिसके लिए उन्हें छात्र की लिखावट के नमूने चाहिए. जांच की गति बहुत धीमी है. दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. एक अधिकारी के अनुसार, स्कूल की कक्षा से संबंधित वीडियो मिल चुका है, जिसमें छात्र अपने शिक्षक से बात करता दिख रहा है, जबकि उसके आसपास अन्य विद्यार्थी खड़े दिखाई देते हैं. ऑडियो साफ नहीं है, लेकिन बातचीत के दृश्य उपलब्ध हैं. हम सभी फुटेज को छात्रों के बयान से मिलान कर रहे हैं.
आरोपी टीचरों से पुलिस ने की पूछताछ
पुलिस एक अधिकारी ने कहा है कि एफआईआर में नामजद हर शिक्षक से करीब दो घंटे तक सवाल-जवाब हुए. शिक्षकों ने सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि वे कक्षा में केवल नियमानुसार कार्रवाई कर रहे थे. छात्र के पिता ने दावा किया कि उन्होंने मेट्रो स्टेशन पर सीसीटीवी में अपने बेटे के साथ किसी और लड़के को भी चलते देखा.
मृतक छात्र के बड़े भाई ने बताया कि उनका भाई पढ़ाई से अधिक सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में रुचि रखता था और घर में कभी भी उस पर पढ़ाई को लेकर कोई प्रेशर नहीं डाला गया. परिवार का आरोप है कि उनके बेटे की दुखद मौत के पीछे स्कूल शिक्षकों की ओर से किया गया कथित उत्पीड़न बड़ी वजह था, जिसकी वजह से वह डिप्रेशन में चला गया था.
छात्र के पिता ने कहा, मेरा बेटा बेहद प्रतिभाशाली था. उसने कई मेडल जीते थे. आखिरी बार जब मैंने उससे बात की, तो मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा. वह अक्सर शिकायत करता था कि शिक्षक उसे बहुत परेशान करते हैं. हमारी बस यही मांग है कि दोषियों को सख्त सजा मिले और हमारे बेटे को न्याय मिल सके.
मेट्रो स्टेशन से कूदकर 10वीं के छात्र ने किया था सुसाइड
दिल्ली के सेंट कोलंबस स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 10 के छात्र शौर्य पाटिल ने कथित रूप से प्रिंसिपल और कुछ शिक्षकों द्वारा मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पिछले मंगलवार को आत्महत्या कर ली. स्कूल से लौटने के बाद शौर्य ने राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से कूदकर अपनी जान दे दी. उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा कि शिक्षकों की मानसिक प्रताड़ना की वजह से उसने यह कदम उठाया. घटना के बाद राजा गार्डन मेट्रो पुलिस ने सेंट कोलंबस स्कूल की प्रिंसिपल अपराजिता पाल और शिक्षकों मनू कालरा, युक्ति महाजन और जूली वर्गीस के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी.

