एमसीडी पार्किंग में लगी आग.
दिल्ली के शाहदरा इलाके में शनिवार रात करीब 9 बजे शाहदरा फ्लाईओवर के नीचे बने एमसीडी (MCD) पार्किंग में भीषण आग लग गई. आग इतनी प्रचंड थी कि वहां खड़ी करीब 20 गाड़ियां पूरी तरह जल गईं. वहीं ऊंची-ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. इस एमसीडी पार्किंग में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाली जब्त गाड़ियां रखी जाती हैं.
वहीं आग लगने की सूचना मिलते ही एक दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया. दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, और राहत कार्य देर रात तक जारी रहा.
अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग को रात करीब 8.36 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद सात दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. उन्होंने बताया, आग ने गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है.

